हरियाणा में ट्रेनिंग लेकर युवा बन रहे पायलट, एविएशन बॉन्ड पॉलिसी बनाएंगे: दुष्यंत चौटाला
हरियाणा में सिविल एविएशन को बढ़ावा देने पर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सरकार द्वारा प्रदेश की पांच हवाई पट्टियों को विकसित किया जा रहा है और युवाओं को पायलट प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इंडिगो एवं एयर इंडिया द्वारा प्रशिक्षित पायलटों को रोजगार दिया गया है। डिप्टी सीएम ने कहा कि भिवानी और नारनौल से प्रशिक्षित 22 पायलट को इंडिगो और एयर इंडिया में नियुक्ति मिली है और वर्तमान में हरियाणा से 370 से अधिक युवा पायलट का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

उन्होंने ने यह भी कहा कि सरकार द्वारा पायलट बॉन्ड पॉलिसी भी तैयार की जा रही है, जिससे पायलट की ट्रेनिंग लेने वाले युवाओं को लाभ मिलेगा। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि अमेरिका की एक बड़ी फर्म ने दो दिन पहले ही हिसार एयरपोर्ट का दौरा किया है और इस फर्म ने हिसार एविएशन हब के लिए डेढ़ मिलियन डॉलर की राशि अप्रूव की है ।
इससे पहले लोक सम्पर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता के दौरान डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने जनसुनवाई की। एक शिकायत पर उपमुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे श्रमिक मुआवजा अधिनियम के तहत शिकायतकर्ता को शेष ब्याज की लंबित राशि का 48 घंटे में भुगतान करवाना सुनिश्चित करें।
एक बुजुर्ग की बुढ़ापा पेंशन की शिकायत पर दुष्यंत चौटाला ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे शिकायतकर्ता की 15 दिन में पेंशन बनवाए और यह सुनिश्चित करें कि दस्तावेज पूर्ण न होने की स्थिति में आवेदक को तुरंत सूचित किया जाए ताकि वह अधूरे दस्तावेज जमा करवा सके और समय पर पेंशन स्वीकृत हो सके।
दुष्यंत चौटाला ने इसी तरह बैठक में खेतों में जल निकासी, कूड़ा उठान, पेयजल आदि संबंधित करीब 16 शिकायतों का मौके पर निपटारा किया और शेष शिकायतों के संदर्भ में समितियां गठित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इसके उपरांत डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने जेजेपी कानूनी प्रकोष्ठ की प्रदेश स्तरीय बैठक को संबोधित किया और पार्टी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।












Click it and Unblock the Notifications