ओडिशा सरकार ने 2021-22 में धान की 77 लाख टन खरीद का लक्ष्य रखा, कैबिनेट में प्रस्ताव मंजूर
भुवनेश्वर, अक्टूबर 12। ओडिशा सरकार ने 2021-22 खरीफ विपणन सत्र (KMS) में 77 लाख टन धान की खरीद का एक अस्थायी लक्ष्य तय किया है, जिससे लगभग 52 लाख टन चावल का उत्पादन होगा। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की अध्यक्षता में सोमवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस संबंध में एक प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

इस मीटिंग में खरीफ के लिए धान की खरीद का लक्ष्य 63 लाख टन जबकि रबी के लिए 14 लाख टन का लक्ष्य रखा गया है। इसकी घोषणा करते हुए मुख्य सचिव सुरेश चंद्र महापात्र ने कहा कि रजिस्टर्ड किसानों से मंडियों में अधिक धान आने पर अधिक मात्रा में खरीद पर कोई रोक नहीं है। खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री रणेंद्र प्रताप स्वैन को जरूरत पड़ने पर लक्ष्य में संशोधन के लिए अधिकृत किया गया है।
2020-21 केएमएस में 77.33 लाख टन धान (खरीफ और रबी सीजन) की खरीद की गई। चावल के लिहाज से यह 52.35 लाख टन था। केंद्र के निर्णय के अनुसार सामान्य किस्म के धान की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 1,940 रुपये प्रति क्विंटल और धान की ग्रेड-ए किस्म 1,960 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से की जाएगी। केएमएस 1 अक्टूबर से शुरू हो गया है और 30 सितंबर, 2022 तक जारी रहेगा। राज्य सरकार केएमएस के भीतर खरीफ और रबी सीजन के दौरान अलग-अलग धान की खरीद करेगी।












Click it and Unblock the Notifications