ओडिशा: BJD ने आदिवासी समूहों को एसटी सूची में शामिल करने की मांग उठाई
बीजू जनता दल ने बुधवार को 160 आदिवासी समूहों को एसटी सूची में शामिल करने की मांग को लेकर नौ आदिवासी बहुल जिलों के कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया।

भुवनेश्वर,29 दिसंबरः बीजू जनता दल ने बुधवार को 160 आदिवासी समूहों को एसटी सूची में शामिल करने की मांग को लेकर नौ आदिवासी बहुल जिलों के कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया। बीजद ने यह प्रदर्शन ऐसे समय पर किया है, जब एक दिन पहले ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राज्य सरकार पर कुशासन का आरोप लगाते हुए उसे घेरने की कोशिश की।
आपको बता दें कि इसी हफ्ते बीजद सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने इस मांग को लेकर नई दिल्ली में केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा से मुलाकात भी की थी।
बीजद ने यह आरोप लगाते हुए कि केंद्र की ओर से देरी ने राज्य के प्रति उनकी उपेक्षा को दिखा दिया है, जिला कलेक्टरों के माध्यम से भारत के राष्ट्रपति को एक ज्ञापन सौंपा। 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले आदिवासियों के लिए बीजद के विरोध प्रदर्शन को काफी अहम माना जा रहा है। ओडिशा में आदिवासियों की आबादी 22.85 प्रतिशत है, जो प्रदेश की राजनीति में काफी बड़ी अहमियत रखते हैं।
बीजद ने कहा कि इन नौ जिलों में विशेष विकास परिषदों (एसडीसी) का गठन किया गया है ताकि आदिवासियों के लिए कल्याण और विकास कार्य किए जा सकें। बीजद ने मयूरभंज, क्योंझर, सुंदरगढ़, कंधमाल, गजपति, कोरापुट, रायगड़ा, नबरंगपुर और मल्कानगिरी में विरोध प्रदर्शन किया।












Click it and Unblock the Notifications