एमएलसी कविता ने कहा, 'लोगों को लकड़ी जलाने पर मजबूर करना चाहती है बीजेपी'
एमएलसी कविता ने कहा, 'तेलंगाना में लागू योजनाओं के समान, देश भर में कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने के मकसद से टीआरएस अब बीआरएस में बदल गई है।

तेलंगाना की एमएलसी के. कविता ने एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कविता ने सोमवार को कहा कि केंद्र सरकार का ये कदम महिलाओं को मजबूर करेगा कि वो फिर से लकड़ी जलाकर खाना बनाएं। उन्होंने आगे कहा कि ऐसा देश में पहली बार है, जब दूध, दही और घी पर किसी सरकार ने टैक्स लगाया है।
एमएलसी कविता सोमवार को राज्य सरकार की मंत्रियों सत्यवती राठौड़ और गंगुला कमलाकर के साथ थिम्मापुर मंडल की लोअर मनेयर डैम (LMD) कॉलोनी में मनकोंडुर विधायक रासमयी बालकिशन द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित 'नारी प्रभात भेरी' कार्यक्रम में भाग लेने पहुंची थीं। इस अवसर पर कविता ने अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को स्त्री शक्ति पुरस्कार प्रदान किए।
कविता ने कहा, 'तेलंगाना में लागू योजनाओं के समान, देश भर में कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने के मकसद से टीआरएस अब बीआरएस में बदल गई है। बीआरएस सरकार लोगों पर से टैक्स का बोझ कम करने का प्रयास करेगी।' महिला एवं बाल कल्याण मंत्री सत्यवती राठौड़ ने कहा कि तेलंगाना सरकार द्वारा लागू कल्याण लक्ष्मी योजना को पूरे देश की दिलचस्पी से देखा जा रहा है। उन्होंने विपक्षी दलों, विशेष रूप से भाजपा से मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की आलोचना करने के बजाय अपने शासन वाले राज्यों में इसी तरह की योजनाओं को लागू करने की सलाह दी।












Click it and Unblock the Notifications