चंडीगढ़ एयरपोर्ट का नाम शहीद भगत सिंह करने पर CM खट्टर ने PM मोदी का जताया आभार
चंडीगढ़ एयरपोर्ट का नाम शहीद भगत सिंह करने पर CM खट्टर ने PM मोदी का जताया आभार
चंडीगढ़, 26 सितंबर 2022: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने चण्डीगढ़ एयरपोर्ट का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखने की घोषणा करने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 'मन की बात' कार्यक्रम में चण्डीगढ़ एयरपोर्ट का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखने की बात कही है। देशभर में मनाए जा रहे आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के दौरान प्रधानमंत्री की यह घोषणा शहीद-ए-आजम भगत सिंह को सच्ची श्रद्घाजंलि होगी।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि 28 सितम्बर को शहीद भगत सिंह का जन्म दिवस भी है और उनके जन्मदिवस से पहले उनके नाम पर चण्डीगढ़ एयरपोर्ट का नाम रखा जाना गर्व की बात है और यह उनको सच्ची श्रद्घाजंलि भी होगी। युवा पीढ़ी को भी शहीद भगत सिंह के बलिदान से प्रेरणा लेनी चाहिए।
रोहतक में आयोजित गुरु सुदर्शन जन्म शताब्दी वर्ष महोत्सव कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि अप्रैल 2023 तक गुरु सुदर्शन जी महाराज का जन्म शताब्दी वर्ष मनाया जा रहा है। हरियाणा सरकार संत महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संत महापुरुष विचार प्रसार योजना चला रही है। इस योजना के अंतर्गत गुरु सुदर्शन जी महाराज की याद में उनके जन्म शताब्दी वर्ष में सरकार द्वारा एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह घोषणा मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रोहतक में आयोजित गुरु सुदर्शन जन्म शताब्दी वर्ष महोत्सव में की।
कार्यक्रम में जन समर्थन द्वारा उठाई गई मांग को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रोहतक में माता दरवाजा चौक से बाबरा चौक तक के मार्ग का नाम गुरु सुदर्शन जी महाराज के नाम पर रखे जाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि गुरु सुदर्शन जी महाराज ने समाज को सहीं दिशा दिखाने का काम किया था। उनके विचारों को शैक्षणिक पाठ्यक्रम में डालने पर भी विचार किया जाएगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आज गुरु सुदर्शन जी महाराज की शिक्षा पर विचार करने का समय है। उन्होंने इस कार्यक्रम में पहुंचे संतजनों का आभार भी व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि संतों की वाणी शासन करने वाले व्यक्ति का मार्गदर्शन करती है। आज उन्हीं संतों की वाणी, उनके विचारों, संस्कृति को याद करने का समय है। उन्होंने कहा कि संतों के विचारों का ज्यादा से ज्यादा प्रसार हो, इसके लिए सरकार निरंतर कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इस कड़ी में गुरुनानक देव जी का प्रकाश पर्व, गुरु गोबिंद सिंह जी का प्रकाश पर्व, गुरु तेग बहादुर जी का प्रकाश पर्व मनाया गया। इसके अतिरिक्त महर्षि वाल्मीकि जयंती, संत कबीर जयंती, गुरु रविदास जयंती पर भी सरकार द्वारा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय को दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने समाज को सुखी बनाने और असहाय की मदद करने का संदेश दिया। उन्होंने हमेशा पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति की मदद और अंत्योदय के सिद्धांत को आगे बढ़ाया। हरियाणा सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के मार्ग पर चल रही है।
भ्रूण हत्या पर कसा शिकंजा, परिणाम आए अच्छे
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा सरकार ने भ्रूण हत्या के मामलों पर शिकंजा कसा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरूआत हरियाणा से की थी। इसके बाद सरकार ने निरंतर जागरूकता कार्यक्रम चलाए और भ्रूण हत्या करने वालों पर कार्रवाई की। इसके अच्छे परिणाम सामने आए। उन्होंने कहा पहले हरियाणा में 1 हजार लड़कों पर 851 लड़कियां थी लेकिन आज यह आंकड़ा 920 पहुंच गया है। सरकार लगातार इस पर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज अंतरराष्ट्रीय बेटी दिवस की भी बधाई दी।
संतों के मार्ग पर चलना जरुरी
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि संत-महापुरुषों के दिखाए मार्ग पर चलना जरुरी है। अच्छाई और बुराई दोनों साथ-साथ चलती हैं। संतों की वाणी के माध्यम से अच्छाई की डोर लंबी हो सकती है। उन्होंने कहा कि हमारे मन के संस्कार तभी बदलते हैं जब हम संत-महापुरुषों के सानिध्य में जाते हैं और उनके प्रवचन सुनकर जीवन में धारण करते हैं। उन्होंने कहा कि हमें जीवन को अच्छा बनाने का संकल्प लेना चाहिए। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले, उड़ीसा के राज्यपाल गणेशी लाल, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, पद्मश्री सुदर्शन पटनायक, संत समाज और संगत मौजूद रही।












Click it and Unblock the Notifications