Jharkhand: बीजेपी के खिलाफ विपक्षी मोर्चा हो रहा है मजबूत, CM हेमंत सोरेन से मिलने पहुंचे ललन सिंह
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी कई नेताओं से मुलाकात कर चुके है। इन सब मुलाकातों को अब विपक्षी एकता से ही जोड़ कर देखा जा रहा है।

Jharkhand News: लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा के खिलाफ विपक्ष की व्यापक गोलबंदी के बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयासों के तहत जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व लोकसभा सांसद राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह मंगलवार को झारखंड पहुंचे। उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की। इस मुलाकात को लेकर ललन सिंह और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट किया।
ललन सिंह ने ट्वीट कर कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात हुई, जिसमें केंद्र की जनविरोधी सरकार के विरुद्ध मजबूत विपक्षी एकजुटता हेतु सार्थक चर्चा हुई। वहीं हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर कहा कि आज आवास में जदयू राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा सांसद ललन सिंह से मुलाकात हुई। मुलाकात के दौरान कई विषयों पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने अपनी मुलाकात की तस्वीरें भी साझा की हैं। जानकारी के मुताबिक झारखंड मुक्ति मोर्चा विपक्षी एकजुटता की पक्षधर है और इस मुहिम में अपनी सम्पूर्ण भागीदारी का भरोसा उन्होंने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष को दिया।
ललन सिंह को नीतीश कुमार का सबसे खास माना जाता है। ऐसे में जेएमएम (झारखंड मुक्ति मोर्चा) नेता और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से हुई यह मुलाकात बेहद खास मानी जा रही है। राजनीतिक जानकार तो यहां तक बता रहे हैं कि आने वाले दिनों में नीतीश कुमार हेमंत सोरेन और उनके पिता शिबू सोरेन से भी मुलाकात कर सकते है।
गौरतलब है कि नीतीश कुमार विपक्ष को एकजुट करने की मुहिम में जुटे हुए हैं और अलग-अलग राज्यों का दौरा भी कर रहे हैं। इसी कड़ी में नीतीश कुमार ने कुछ दिनों पहले की पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से कोलकाता में जाकर मुलाकात की थी। उसी दिन शाम को नीतीश कुमार ने लखनऊ में सपा प्रमुख व यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव से भी मुलाकात कर विपक्ष की एकजुटता पर चर्चा की थी। इस दौरान उनके साथ बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव भी मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications