भाजपा के खिलाफ विपक्ष को एकजुट करने में केसीआर की भूमिका सबसे अहम: अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने जोर देकर कहा, 'भारत राष्ट्र समिति और सपा दोनों राष्ट्र के पुनर्निर्माण और भाजपा के भ्रष्ट, सांप्रदायिक शासन को हटाने के इस कार्य में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

हैदराबादः बीआरएस की रैली में तेलंगाना पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विश्वास व्यक्त किया है कि विपक्ष नरेंद्र मोदी को तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाने से रोकने के लिए 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले एक विश्वसनीय राजनीतिक विकल्प पेश करने में सक्षम है। अखिलेश यादव ने कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और वाम दलों सहित कई नेताओं के स्पष्ट एजेंडे के साथ विपक्ष एक राजनीतिक विकल्प की दिशा में काम कर रहा है।
अखिलेश यादव ने जोर देकर कहा, 'भारत राष्ट्र समिति और सपा दोनों राष्ट्र के पुनर्निर्माण और भाजपा के भ्रष्ट, सांप्रदायिक शासन को हटाने के इस कार्य में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के रूप में जानी जाने वाली अपनी पिछली राजनीतिक इकाई से आगे बढ़ते हुए, सही समय पर एक राष्ट्रीय भूमिका निभाने का फैसला किया है, और अब वो एक राष्ट्रीय पार्टी है।'
अखिलेश ने आगे कहा, 'देश में वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य ने इस तरह के बदलाव की मांग की है। भाजपा, उसकी सरकार और उसके सहयोगी संघ परिवार देश को सामाजिक, प्रशासनिक और आर्थिक हर तरह से बर्बाद कर रहे हैं। यह एक स्तर पर उग्र साम्प्रदायिक संप्रदायवाद और दूसरे स्तर पर विनाशकारी आर्थिक नीतियों और क्रोनी कैपिटलिज्म को बढ़ावा देने की कोशिश है। और, बीच-बीच में प्रशासन बिना उचित दिशा-निर्देश के भटक रहा है। इसमें कोई संदेह नहीं है कि यह समय केसीआर जैसे नेताओं और बीआरएस जैसी पार्टियों के लिए राष्ट्र और इसके लोगों की चिंताओं को दूर करने में गहरी और निरंतर भूमिका निभाने का है।'
अखिलेश यादव ने कहा, 'मुझे विश्वास है कि भाजपा के भ्रष्ट और सांप्रदायिक शासन को हटाने, राष्ट्र के पुनर्निर्माण के इस कार्य में बीआरएस और समाजवादी पार्टी दोनों एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। तीसरा मोर्चा 2024 के चुनाव से पहले बनेगा। इसमें कोई संदेह नहीं है कि हमारे सामूहिक प्रयासों से भाजपा की नापाक ताकतों को हराया जाएगा। हम सभी इस पर काम कर रहे हैं और इसमें बीआरएस की अहम भूमिका होगी। मेरे विचार से केसीआर को मोतियों को जोड़ने वाले सूत्र के रूप में देखा जा सकता है।'
समाजवादी पार्टी के मुखिया ने आगे कहा, 'तेलंगाना राज्य कई मायनों में देश के दक्षिणी हिस्सों से मध्य और उत्तर भारत का प्रवेश द्वार है। हम सभी जानते हैं कि केसीआर और बीआरएस देश के दक्षिणी हिस्सों में राजनीतिक और संगठनात्मक रूप से मजबूत स्थिति रखते हैं। हमने केसीआर को लगातार बीजेपी के झूठ का पर्दाफाश करते और आम लोगों के फायदे के लिए बोलते देखा है।'
अखिलेश यादव बोले, 'बीआरएस द्वारा तेलंगाना में लाई गई शासन प्रणाली भी जनोन्मुख है। इसमें कोई संदेह नहीं है कि ये प्रयास अंततः हमें राजनीतिक और संगठनात्मक ताकत के साथ-साथ भाजपा के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने के लिए चुनावी नतीजे भी देंगे। ममता बनर्जी, आरजेडी और हम (सपा) विपक्षी एकता के लिए काम करना शुरू कर चुके हैं। बीआरएस हमारा एक अहम हिस्सा है। हम सामूहिक रूप से भाजपा को हराने के लिए एक बेहतर गठबंधन बनाएंगे।'












Click it and Unblock the Notifications