उत्तराखंड में 84.17 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण व शिलान्यास, सीएम धामी ने कहा- बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
Uttarakhand News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ए.पी.जे अब्दुल कलाम इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजि रोजगार मेले का उद्घाटन किया। साथ ही चंपावत जिले की दोनों विधानसभा चंपावत व लोहाघाट में कुल 8417.93 लाख की 30 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसके साथ ही सीएम धामी ने ए.पी.जे अब्दुल कलाम इंजीनियरिंग कॉलेज में निर्मित लाइब्रेरी प्रयोगशाला एवं स्मार्ट कक्षा का शुभारंभ भी किया।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को विधानसभा चंपावत के टनकपुर स्थित ए.पी.जे अब्दुल कलाम इंजीनियरिंग कॉलेज के लिए कई बड़ी घोषणाएं की। सीएम ने यहां महिला छात्रावास का निर्माण कार्य किए जाने एवं कॉलेज के गेस्ट टीचर्स को उच्च शिक्षा की भांति तकनीकी शिक्षा के अंतर्गत मासिक स्तर पर मानदेय दिए जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रोजगार मेले में पंहुचे विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से जानकारी ली, साथ ही उन्होंने रोजगार हेतु विभिन्न क्षेत्रों से आए बेरोजगार युवाओं से भी वार्ता करते हुए कहा कि वह इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवी देवताओं की भूमि चंपावत हमेशा उनमें नई ऊर्जा प्रदान कराती है। उन्होंने कहा आज का दिन युवाओं के लिए बहुत विशेष है। आज प्रतिभावान युवाओं को नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने मेले में उपस्थित सभी युवाओं से अपील की कि वे रोजगार लेने के साथ-साथ रोजगार देने वाले बनें, यहां के युवा अपनी प्रतिभा से जिस भी क्षेत्र में जाएंगे, वहां अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देंगे।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड की प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई गड़बड़ी की जांच एसटीएफ और विजिलेंस के द्वारा कराई जा रही है। अब तक उनके द्वारा 45 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जब तक अंतिम आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो जाती है तब तक यह जांच चलती रहेगी। उन्होंने कहा सभी रिक्त पदों में जल्दी से जल्दी भर्तियां करवाई जाएंगी। विभिन्न विभागों में रिक्त 19 हजार रिक्त पदों को जल्द ही भरा जाएगा।
इस अवसर पर सांसद श्री अजय टम्टा, अध्यक्ष वन विकास निगम उत्तराखंड श्री कैलाश चन्द्र गहतोड़ी, अध्यक्ष जिला पंचायत ज्योति राय, विधायक रानीखेत श्री प्रमोद नैनवाल, प्रदेश महामंत्री भाजपा श्री विकास शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दीप पाठक, नगरपालिका अध्यक्ष टनकपुर श्री विपिन कुमार, जिलाधिकारी श्री नरेन्द्र सिंह भंडारी, पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पींचा, मुख्य विकास अधिकारी श्री आरएस रावत, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications