हरियाणा: स्कूलों को संवारने की कवायद, 15 अप्रैल तक स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार योजना के लिए आवेदन
कैथल, 13 अप्रैल: कोरोना महामारी कम होने के बाद अब विद्यालय खुल चुके हैं। विद्यालयों के खुलने के बाद इनमें नया शैक्षणिक सत्र भी शुरू हो चुका है। अब समग्र शिक्षा अभियान कार्यालय की तरफ से विद्यालयों को स्वच्छ बनाने की कवायद शुरू की गई है। केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशानुसार अब राजकीय विद्यालयों के लिए स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार योजना शुरू की गई है।

इस योजना के तहत आवेदन शुरू हो चुके हैं। यह आवेदन प्रक्रिया 15 अप्रैल तक जारी रहेगी। बता दें कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत विद्यालयों को भी साफ-सुथरा रखने के कार्य की शुरूआत हुई है। यह योजना स्वच्छ भारत अभियान के तहत ही शुरू हुई थी। परंतु कोरोना महामारी के कारण इस योजना के तहत पिछले दो वर्ष तक कोई कार्य नहीं हो पाया था। अब सरकार के आदेशों के तहत कार्य शुरू किया जाएगा।
अव्वल विद्यालय को दिया जाता है 51 हजार रुपये का पुरस्कार
स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार योजना के तहत अव्वल रहने वाले विद्यालय को 51 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाता है। जबकि द्वितीय स्थान पर रहने वाले विद्यालय को 31 हजार और तृतीय स्थान पर रहने वाले विद्यालय को 21 हजार रुपये देने का प्राविधान किया गया है। इस योजना के तहत अब तक कुल 34 विद्यालयों ने जिला स्तर पर आवेदन किया है। जबकि अव्वल रहे विद्यालय राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार योजना की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
जिस प्रकार से हमें अपने आस-पास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने की आवश्यकता है। ठीक उसी प्रकार से विद्यालय में शिक्षा ग्रहण करने वाले विद्यार्थियों व स्टाफ सदस्यों को अपने विद्यालय को स्वच्छ रखने की जरूरत है। वहीं, इस कार्य के तहत सरकार ने विद्यालयों को स्वच्छ रखने के लिए स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार योजना चलाई है। इसके तहत 15 अप्रैल तक आवेदन किए जा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications