हरियाणा पंचायत चुनाव: जिला परिषद और पंचायत समितियों के लिए प्रचार खत्म
चंडीगढ़। पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में नौ जिलों में जिला परिषदों और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मैदान में उतरे प्रत्याशियों ने पूरा दम लगा दिया है। सोमवार को अंबाला, चरखी दादरी, गुरुग्राम, करनाल, कुरुक्षेत्र, रेवाड़ी, रोहतक, सिरसा और सोनीपत में चुनाव प्रचार की समय सीमा खत्म हाे गई। अब इन जिलों में परिषद और पंचायत समितियों के उम्मीदवार डोर-टू-डोर संपर्क में जुटे हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए बुधवार को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। सरपंच व पंच पद के लिए 12 नवंबर को मतदान होना है।

तीसरे और अंतिम चरण के पंचायत चुनाव वाले जिलों चार जिलों हिसार, फतेहाबाद, पलवल और फरीदाबाद में नामांकन का दौर तेज हो गया है। सोमवार शाम तक जिप के लिए 18 और पंचायत समितियों के लिए 39 तो सरपंच के लिए 90 और पंच के लिए 32 लोगों ने नामांकन दाखिल कर दिया था। चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशी 11 नवंबर तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं।
चारों जिलों में जिला परिषद व ब्लाक समिति के सदस्यों के लिए 22 नवंबर को मतदान होगा, जबकि पंच-सरपंचों के लिए वोट 25 नवंबर को पड़ेंगे। कहीं पर जिला परिषद व ब्लाक समितियों के लिए दोबारा मतदान की नौबत आई तो 25 नवंबर को ही पुनर्मतदान कराया जाएगा। पंच-सरपंचों के पुनर्मतदान के लिए 27 नवंबर का दिन निर्धारित किया गया है। पूरे प्रदेश की जिला परिषद और पंचायत समितियाें के चुनाव नतीजे 27 नवंबर को ही घोषित किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications