हरियाणा: रविवार को जेजेपी की दादरी में भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा की रैली
जननायक जनता पार्टी लोकसभा चुनाव की तैयारियों के तहत रविवार 17 सितंबर को जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. अजय सिंह चौटाला की कर्मभूमि भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र की रैली करेगी। दादरी की नई अनाज मंडी में जेजेपी की नव संकल्प रैली होगी।
इस रैली में जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे और डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता बतौर मुख्य वक्ता रैली को संबोधित करेंगे। वहीं रैली में बड़ी संख्या में भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से जेजेपी पदाधिकारी, कार्यकर्ता व स्थानीय लोग हिस्सा लेंगे।

जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह ने कहा कि पार्टी द्वारा भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा की रैली की तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई है और रैली को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।
उन्होंने कहा कि सोनीपत, फरीदाबाद लोकसभा की सफल रैलियों के बाद रविवार को डॉ अजय सिंह चौटाला की कर्मभूमि पर होने वाली रैली के जरिए पार्टी अपने संगठन की ताकत दिखाएगी और जेजेपी भिवानी-महेंद्रगढ़ में लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएगी। निशान सिंह ने कहा कि रैली में बड़ी संख्या में भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के लोग भाग लेंगे और यह रैली ऐतिहासिक होगी।












Click it and Unblock the Notifications