आदमपुर उपचुनाव के बाद हरियाणा कांग्रेस में कलह बढ़ी, हुड्डा के बाद अब सैलजा पर लगा आरोप
हिसार। आदमपुर उपचुनाव में हार के बाद हरियाणा कांग्रेस खींचतान और बढ़ गई है। आदमपुर उपचुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी रहे जयप्रकाश जेपी ने पार्टी की पूर्व अध्यक्ष कुमारी सैलजा पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि वह चुनाव प्रचार के लिए आमंत्रित करने गए थे तो सैलजा ने उनको करीब डेढ़ घंटे तक घर के बाहर बिठाए रखा। इसके साथ ही प्रचार से दूरी बनाने वाली कुमारी सैलजा और पूर्व मंत्री किरण चौधरी की भूमिका पर सवाल कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान और जयप्रकाश जेपी ने गंभीर सवाल उठाए। दोनों नेताओं ने कहा कि उन्हें (सैलजा व किरण चौधरी को) कोई शिकायत है तो प्रेस के सामने बयानबाजी करने की बजाय आलाकमान के समक्ष शिकायत करनी चाहिए।

प्रदेश कार्यालय में बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में चौधरी उदयभान ने कहा कि पार्टी महासचिव रणदीप सुरजेवाला उस समय राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के तहत कर्नाटक में थे। इसलिए वह चुनाव प्रचार में शामिल नहीं हो सके। कुमारी सैलजा को उन्हाेंने दो बार दिल्ली तो एक बार चंडीगढ़ से फोन कर प्रचार के लिए समय मांगा, लेकिन वह नहीं आईं।उदयभान ने कहा कि जेपी भी उनके हिसार स्थित निवास पर मिलने गए, लेकिन उन्होंने डेढ़ घंटे तक उन्हें घर के बाहर बैठाए रखा। जेपी ने उनसे चुनाव प्रचार का समय मांगा, जिस पर उन्होंने सेहत खराब होने का हवाला देते हुए बाद में बताने की बात कही। इसके बावजूद वह प्रचार में शामिल नहीं हुईं।
चौधरी उदयभान ने कहा कि वह किरण चौधरी को ऐसी नेता नहीं मानते कि उनकी चर्चा की जाए या उनके बिना कोई काम न होता हो। किरण के पास ऐसा कोई पद भी नहीं है कि उन्हें टिकट बंटवारे में शामिल किया जाए। उनकी ऐसी हैसियत नहीं है। वहीं, जेपी ने कहा कि किरण चौधरी को उन्होंने दो बार फोन किया। एक बार उन्होंने महाराष्ट्र में होने की बात कही तो दूसरी बार स्वास्थ्य ठीक नहीं होने का हवाला दिया।












Click it and Unblock the Notifications