EWS रिजर्वेशन पर हरियाणा सीएम मनोहर लाल ने कहा, आर्थिक वर्ग से कमजोर लोगों को मिलेगा लाभ
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि ईडब्ल्यूएस आरक्षण पर सर्वोच्च न्यायालय का अच्छा फैसला आया है। केंद्र व राज्य सरकार ने इस पर कानून बनाया था। सर्वोच्च न्यायालय ने उसी पर मुहर लगाई है। इसससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को लाभ मिलेगा। आदमपुर उपचुनाव में भाजपा की जीत को लेकर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि हार की झेंप मिटाने के लिए वह ऐसा कह रहे हैं। सफलता के आगे ऐसे बयान मायने नहीं रखते। यह जीत किसी सेमीफाइनल या फाइनल से जुड़ी नहीं हैै। बल्कि सच यह है कि हम पिछले आठ साल में कभी पीछे नहीं हुए, आगे ही बढ़ते रहे हैं।

सोमवार को करनाल प्रवास के दौरान लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आम जनता की समस्याओं की सुनवाई के बाद सीएम ने पत्रकारों से वार्ता की। मेडिकल विद्यार्थियों की बांड पालिसी पर उन्होंने कहा कि हम समाजसेवा के लिए काम करते हैं और चाहते हैं कि पढ़ाई के बाद मेडिकल विद्यार्थी सरकारी नौकरी करें। इसलिए सरकार नीति लाई ताकि लोगों को बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। विद्यार्थियों पर कोई अनुचित दबाव नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पराली का उपयोग ज्यादा से ज्यादा हो, इसके लिए सरकार बेहतर नीति बना रही है। इससे अच्छे सुधार देखने को मिलेंगे। सरकार ने किसानों को प्रोत्साहन राशि देने के साथ आधुनिक कृषि यंत्र अनुदान राशि पर मुहैया कराए। फलस्वरूप पिछले वर्षों की तुलना में पराली जलाने के मामले कम हुए हैं। किसानों को पराली का उचित मूल्य मिले, इसके प्रयास कर रहे हैं।
पीडब्ल्यूडी विश्रामगृह में मुख्यमंत्री ने जनसुनवाई के दौरान 100 से अधिक लोगों की निजी एवं सामूहिक समस्याओं को सुना। अधिकांश का मौके पर निवारण किया गया। शेष के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। कुंजपुरा सैनिक स्कूल के प्राचार्य की समस्याओं का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने तुरंत मुख्य सचिव से फोन पर वार्ता की और समाधान के निर्देश दिए। पार्षद जोगिंद्र शर्मा ने छठ पर्व के दृष्टिगत पश्चिमी यमुना नहर पर एक और घाट बनवाने का अनुरोध किया। उपायुक्त अनीश यादव ने अवगत कराया कि लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग तथा एकता समिति के सदस्यों के दौरे की रिपोर्ट ध्यान में रखते हुए कार्यवाही की जाएगी। पेंशनर एसोसिएशन के सदस्यों की समस्याओं के निराकरण के लिए सीएम ने आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द उनकी स्वास्थ्य सुविधाओं में इजाफा करेगी।












Click it and Unblock the Notifications