3 विभागों के साथ CM खट्टर की प्री-बजट मीटिंग, बोले- विदेशों से युवाओं को जोड़ेंगे
मुख्यमंत्री ने हरियाणा निवास में विदेश सहयोग विभाग, कौशल प्रशिक्षण, रोजगार एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभागों के प्रशासनिक सचिवों के साथ बजट पूर्व परामर्श बैठक की अध्यक्षता की।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि वर्ष 2023-24 के बजट में कौशल विकास, रोजगार सृजन और युवा सशक्तिकरण पर विशेष फोकस किया जाएगा। वर्ष 2023-24 का राज्य का बजट पूर्ण रूप से एक संतुलित और समावेशी बजट होगा। बजट में इन्फ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ शिक्षा, रोजगार सृजन, सामाजिक कल्याण सहित सभी क्षेत्रों का संतुलन होगा।
मुख्यमंत्री ने हरियाणा निवास में विदेश सहयोग विभाग, कौशल प्रशिक्षण, रोजगार एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभागों के प्रशासनिक सचिवों के साथ बजट पूर्व परामर्श बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में इन क्षेत्रों से जुड़े हितधारकों और विभिन्न उद्यमियों ने भी हिस्सा लिया।
युवाओं को स्किल्ड बनाने में सहयोग दें उद्योग
मनोहर लाल ने कहा कि आज के समय में कौशल प्रशिक्षण एक बहुत बड़ा विषय है। हर क्षेत्र में हुनरमंद की आवश्यकता बढ़ती जा रही है। इसलिए सरकार भी स्किलिंग पर विशेष ध्यान दे रही है। युवाओं को स्किल्ड बनाने में उद्योगों को भी अधिक से अधिक सहयोग करना होगा।
विदेशों से जोड़ने के लिए की कई पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार अवसर मुहैया करवाने के लिए राज्य सरकार ने हरियाणा ओवरसीज सेल और हरियाणा एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल बनाया है। इसके अलावा, गत दिन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने करनाल में हरियाणा को-ऑपरेटिव एक्सपोर्ट हाउस का उद्घाटन किया है। इस एक्सपोर्ट हाउस के माध्यम से प्रदेश की सहकारी समितियां अपने उत्पाद का निर्यात करने में सक्षम होंगी।
बजट में हर वर्ग का हित
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का चहुंमुखी विकास करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बजट में ढांचागत विकास, स्वास्थ्य, रोजगार सृजन, आवास, सामाजिक कल्याण, कृषक कल्याण, उच्च शिक्षा, नवाचार एवं अनुसंधान सहित हर क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जिससे हर वर्ग को लाभ होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य के लिए आम बजट बेहद महत्त्वपूर्ण विषय होता है। इसलिए हमारा प्रयास रहता है कि बजट के माध्यम से सभी वर्गों के विकास के साथ ही उनका कल्याण सुनिश्चित हो सके।












Click it and Unblock the Notifications