COVID: अब प्राइवेट लैब या अस्पताल में रेपिड एंटीजन टेस्ट बहुत सस्ता, 50 रुपए में होगी जांच
करनाल: कोरोना संक्रमण के बीच लोगों के लिए राहत की खबर यह है कि अब प्राइवेट लैब या अस्पताल में कोरोना के रेपिड एंटीजन की जांच बेहद कम रेट में होगी। प्रदेश सरकार ने कोविड टेस्टिग बढ़ाने व आमजन को सुविधा देने के लिए टेस्टिग के लिए रेट वैसे पहले ही निर्धारित किए हुए हैं लेकिन अब रेपिड एंटीजन का रेट 250 रुपये से कम करके मात्र 50 रुपये कर दिया है। कोरोना से जुड़ी हुई सभी जांच स्वास्थ्य संस्थानों में निशुल्क है लेकिन निजी अस्पतालों में कोरोना की जांच को सस्ती किया गया है।

रेपिड एंटीजन के अलावा अन्य किसी भी रेट में बदलाव नहीं किया गया है। हरियाणा सरकार की ओर से आरटीपीसीआर के लिए 299 रुपये, घर पर विजिट कर आरटीपीसीआर सैंपल कलेक्शन के लिए 499 रुपये तय किया हुआ है। सीबीनाट के लिए 2400 रुपये, ट्रयूनेट 1250 रुपये, तथा आइजी बेस्ड एलाइजा के लिए 250 रुपये निर्धारित किए गए हैं।

संक्रमितों का आंकड़ा घटा, मौत का बढ़ रहा
जिले में सोमवार को कोरोना संक्रमण के 55 नए केस मिले जबकि दो मरीजों की उपचार के दौरान मौत हुई है। 153 मरीज ठीक भी हुए हैं। सिविल सर्जन की रिपोर्ट के मुताबिक जिले में अब तक 693155 व्यक्तियों के सैंपल लिए गए हैं। पिछले 24 घंटे में 1950 सैंपल लिए गए। जिले में अब तक 47459 केस सामने आए थे, जिनमें से 45750 मरीज ठीक होकर घर चले गए। जिले में अब तक 585 कोरोना मरीजों की मृत्यु हो चुकी है। जिला में कोरोना वायरस के 1124 पाजीटिव केस एक्टिव हैं। डीसी ने कहा कि सभी नागरिक लाकडाउन के नियमों का पालन करें। घर पर रहें तथा पैनिक न बनाएं।
सिविल सर्जन डा. योगेश शर्मा ने कहा कि सरकार की ओर से रेपिड एंटीजन टेस्ट के रेट कम किए गए हैं, जिसे लेकर सभी प्राइवेट अस्पतालों व लैब को अवगत करा दिया गया है। निर्धारित किए गए 50 रुपये से अधिक जांच के लिए जाते हैं तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोगों से अपील है कि वह कोविड-19 के नियमों का सख्ती से पालन करते रहें, ताकि कोरोना संक्रमण को हराया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications