प्रधानमंत्री आवास योजना में ओडिशा की उपेक्षा, BJD की महिला विंग ने किया विरोध प्रदर्शन
सुलता देव ने कहा, 'इन लोगों को शर्म आनी चाहिए कि वे गरीबों को उनके अधिकारों से वंचित करने की कोशिश कर रहे हैं।

बीजू जनता दल की महिला विंग ने मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के तहत लाभार्थियों को आवास आवंटित करने में केंद्र सरकार द्वारा उपेक्षा का आरोप लगाते हुए भुवनेश्वर में राजभवन के सामने धरना दिया। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व राज्यसभा सांसद सुलता देव और भुवनेश्वर की मेयर सुलोचना दास ने किया।
इस दौरान सुलता देव ने आरोप लगाया कि ओडिशा में पीएमएवाई को रोकने के लिए राज्य के आठ भाजपा सांसदों ने केंद्रीय पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात की थी। सुलता देव ने कहा, 'इन लोगों को शर्म आनी चाहिए कि वे गरीबों को उनके अधिकारों से वंचित करने की कोशिश कर रहे हैं। पंद्रह लाख घर हमारा हक है। भाजपा ने हमें हमारे अधिकारों से वंचित रखा है। हम यहां इसी मांग को लेकर आए हैं।'
इससे पहले बीजद विधायकों ने भी विधानसभा में शून्यकाल के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास मुहैया कराने में केंद्र सरकार की लापरवाही को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। प्रश्नकाल पूरा होने के तुरंत बाद, बीजद सदस्यों ने यह आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया कि केंद्र ने पीएमएवाई के तहत घरों के आवंटन में ओडिशा की उपेक्षा की।












Click it and Unblock the Notifications