ईस्ट दिल्ली में लोगों के लिए नया अस्पताल, दिल्ली सरकार उपलब्ध कराएगी ये सुविधाएं
केजरीवाल सरकार ईस्ट दिल्ली के लोगों नए अस्पताल की सौगात देने वाली है। गुरु तेग बहादुर अस्पताल की नई बिल्डिंग का कार्य जल्द पूरा हो जाएगा।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निर्देशों का पालन करते हुए दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन बिहेवियर एंड अलाइड साइंसेज (IHBAS) और गुरु तेग बहादुर अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि केजरीवाल सरकार ईस्ट दिल्ली के लोगों को जल्द नए अस्पताल की सौगात देगी। गुरु तेग बहादुर अस्पताल की नई बिल्डिंग का कार्य जल्द ही पूरा हो जाएगा।
वहीं इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन बिहेवियर एंड अलाइड साइंसेज में इलाज करा रहे मरीजों से मुलाकात कर स्वास्थ्य मंत्री ने उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और व्यवस्थाओं को बारीकी से जांचा। स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने अस्पताल प्रशासन को सभी अव्यवस्थाओं को दूर कर मरीजों को किफायती और गुणावत्तायुक्त स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि मरीजों की बीमारी की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकता के अधार पर इलाज दिया जाए।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने IHBAS में आपातकालीन सेवाओं (Psychiatry and Neuroscience), न्यूरो-इमेजिंग सेवाओं (CT Scan), न्यूरोलॉजी वार्ड और आईसीयू समेत संस्थान की विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। हालांकि, मरीज IHBAS की सेवाओं से संतुष्ट दिखें। किसी मरीज या तीमारदार ने किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं की। इस दौरान मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सुनिश्चित किया कि अस्पताल में कोई दलाल मरीजों से वसूली तो नहीं कर रहा। इसे लेकर निरीक्षण के दौरान अस्पताल में पर्चा बनाने की लाइन में लगे लोगों और अस्पताल में एडमिट मरीजों से बातचीत की।
साथ ही स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर अस्पताल प्रबंधन द्वारा किए जा रहे दावों की हकीकत जानी। इसके अलावा IHBAS में लोगों की सहूलियत के लिये स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल के परिसर में नई ओपीडी बिल्डिंग बनाने के निर्देश दिए।
इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज गुरु तेग बहादुर अस्पताल की नई बिल्डिंग का निरीक्षण करने पहुंचे। साथ ही अधिकारियों को नए अस्पताल का शेष कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यहां पर करीब 1912 बेड का आईसीयू अस्पताल प्रपोज्ड था। कोरोना महामारी के दौरान आईसीयू बेड की आवश्यकता के चलते इसे आईसीयू अस्पताल बनाया गया था। अब इसे नॉर्मल अस्पताल में कन्वर्ट किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications