दिल्ली सरकार का निर्णय, 24 घंटे खुलेंगी 155 और दुकानें, अर्थव्यस्था को मिलेगा बढ़ावा
दिल्ली सरकार ने रात में खुलने वाली दुकानों की संख्या को बढ़ाते हुए कहा कि इससे जॉब के अवसर पैदा होंगे। इससे पहले 55 दुकानों को एलजी की तरफ से मंजूरी दिए जा चुकी है।

Delhi 24x7 Shops: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में 155 और दुकानों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को 24 घंटे खोलने की मंजूरी दी है। इस मंजूरी का मुख्य उद्देश्य रात के समय में भी दिल्ली के आर्थिक विकास को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक जॉब के अवसर पैदा करने के साथ-साथ श्रमिकों की हितों की रक्षा सुनिश्चित करना है। दिल्ली सरकार राज्य में कारोबारी माहौल को लगातार बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है। इसी क्रम में इन व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को 24 घंटे संचालित करने की अनुमति दी गई है।
पिछले दो सालों में कुल 523 दुकानों को 24 घंटे संचालित करने की अनुमति दी गई है। यह अब तक चली आ रही व्यवस्था में बहुत बड़ा बदलाव है। जहां 1954 से 2022 तक 68 वर्षों में केवल 269 प्रतिष्ठानों को इस तरह की अनुमति दी गई थी। वहीं, वर्ष 2022 में 313 आवेदनों को मंजूरी दी गई, जबकि 2023 में 55 आवेदन पहले ही स्वीकृत किए जा चुके हैं। अब फाइल उपराज्यपाल के पास भेजी गई है कि क्या वे चुनी हुई सरकार के फैसले से सहमत हैं या नहीं हैं।
दिल्ली में मिलेगी जॉब?
दिल्ली सरकार ने व्यावसायिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और आर्थिक विकास को सुविधाजनक बनाने के लिए सक्रिय कदम उठाए हैं। नए वाणिज्यिक आवेदकों को 24 घंटे संचालन की मंजूरी देने के पीछे दिल्ली सरकार का लक्ष्य जॉब के अधिक से अधिक अवसर पैदा करना, श्रमिकों के हितों की रक्षा करना और दिल्ली की अर्थव्यवस्था के समग्र विकास को बढ़ावा देना है। इस विकास से व्यवसायों और उपभोक्ताओं दोनों पर समान रूप से सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद है।
दिल्ली सरकार ने आवेदकों को दिल्ली दुकान एवं प्रतिष्ठान अधिनियम, 1954 की धारा 14, 15 और 16 के तहत प्रतिष्ठानों को छूट प्रदान की है। इन धाराओं के तहत नाइट शिफ्ट में कर्मचारियों को काम पर रखने पर प्रतिबंध लगा हुआ था। दिल्ली सरकार में इंस्पेक्टर राज पूरी तरह से खत्म हो गया है और आवेदन की पूरी प्रक्रिया को डिजिटल कर दिया गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर दिल्ली में इन प्रतिष्ठानों के 24 घंटे संचालन की अनुमति देने का निर्णय दिल्ली में व्यापार और "इज ऑफ डूइंग बिजनेस" को बढ़ावा देने के कोशिश है।












Click it and Unblock the Notifications