दिल्ली सरकार ने दी पेड़ों को हटाने के प्रस्ताव को मंजूरी, नए डिफेंस स्टाफ मुख्यलाय का निर्माण जल्द
दिल्ली सरकार ने कैंट एरिया में नए इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ हेडक्वार्टर के निर्माण से जुड़े पेड़ों हटाने और ट्रांसप्लांट करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

Delhi Govt. Approves Defence Staff HQ Proposal: दिल्ली कैंट इलाके में प्रस्तावित इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ (IDS) के नए मुख्यालय के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार (27 अप्रैल) को प्रोजेक्ट के तहत आ रहे पेड़ों को हटाने और उन्हें ट्रांसप्लांट करने की फाइल को मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री से मंजूरी मिलने के बाद अत्याधुनिक आईडीएस कॉम्पलेक्स के निर्माण का काम जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
इस भवन में अधिकारियों का मेस और कैंप बनेगा। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय रक्षा मंत्रालय ने इस भवन के निर्माण में आड़े आ रहे 114 पेड़ों को हटाने और उनके प्रत्यारोपण के लिए एक प्रस्ताव बनाकर दिल्ली सरकार के पास भेजा था।
रक्षा मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी
रक्षा मंत्रालय ने मेहराम नगर में इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ मुख्यालय के निर्माण का प्रस्ताव दिया था, लेकिन साइट पर मौजूद कुछ पेड़ों की वजह से निर्माण कार्य में बाधा आ रही थी. रक्षा मंत्रालय ने अपने अधिकारियों से इस संबंध में दिल्ली सरकार को पत्र लिखकर निर्माण स्थल से 114 पेड़ों को हटाने और उनके ट्रांसप्लांट की मंजूरी मांगी थी। दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सामने पेश किया. इसके बाद सीएम ने इसे राष्ट्रहित में बताते हुए कुछ शर्तों के साथ अपनी मंजूरी दे दी।
दिल्ली सरकार की शर्तें
दिल्ली सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार रक्षा मंत्रालय अगले सात वर्षों तक पेड़ों के रखरखाव की जिम्मेदारी भी लेगा। दिल्ली सरकार के स्वीकृत प्रस्ताव के अनुसार पेड़ों को हटाने और प्रत्यारोपण के बदले में दिल्ली की मिट्टी और जलवायु के अनुकूल विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। इनमें नीम, अमलतास, पीपल, पिलखन, गूलर, बरगद, देसी कीकर और अर्जुन के पेड़ शामिल हैं। इन पेड़ों को गैर वन भूमि पर 6-8 फीट ऊंचाई के पौधे के रूप में लगाया जाएगा। दिल्ली सरकार ने आगे यह भी उल्लेख किया है कि 114 पेड़ों में से रक्षा मंत्रालय 60 पेड़ों का प्रत्यारोपण करेगा, जबकि 54 पेड़ों की कटाई करेगा।












Click it and Unblock the Notifications