क्रिकेटर अंबाती रायडू की आंध्र की राजनीति में एंट्री, सीएम जगन मोहन रेड्डी से की मुलाकात
क्रिकेट से संन्यास लेने के लगभग एक महीने बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर अंबाती रायडू ने आधिकारिक तौर पर आंध्र प्रदेश की राजनीति में अपनी दूसरी पारी शुरू करने की घोषणा की।
37 वर्षीय क्रिकेटर ने अपना आखिरी क्रिकेट मैच 29 मई को इंडियन प्रीमियर लीग के फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेला था। राजनीति में एंट्री लेकर वह अपने मूल गुंटूर जिले के कोने-कोने का दौरा कर रहे हैं ।

रायडू ने बुधवार को जिले के वट्टीचेरुकुरु ब्लॉक के मुत्लुरु गांव की अपनी यात्रा के दौरान स्थानीय संवाददाताओं से कहा कि, मैं लोगों की सेवा करने के लिए जल्द ही आंध्र प्रदेश की राजनीति में प्रवेश करूंगा। इससे पहले, मैंने लोगों की नब्ज जानने और उनकी समस्याओं को समझने के लिए जिले के विभिन्न हिस्सों का दौरा करने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा कि वह लोगों की जरूरतों को जानने और उन्हें पूरा करने के लिए क्या कर सकते हैं? उन्होंने कहा, मैं एक ठोस कार्य योजना लेकर आऊंगा कि राजनीति में कैसे जाना है और मैं कौन सा मंच चुनूंगा।
क्रिकेटर ने उन अटकलों का खंडन किया कि वह गुंटूर या मछलीपट्टनम संसदीय क्षेत्र से 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ने पर विचार कर रहे थे। रायडू ने अमीनाबाद गांव में मुलंकारेश्वरी मंदिर का दौरा किया और विशेष पूजा की। इसी तरह, उन्होंने फिरंगीपुरम में साईं बाबा मंदिर और बाला येसु चर्च में प्रार्थना की।
वट्टीचेरुकुरु ब्लॉक के मुतलूर गांव में, क्रिकेटर ने स्कूली छात्रों के साथ बातचीत की और उनके साथ दोपहर का भोजन साझा किया। उन्होंने स्कूलों में विद्यार्थियों को होने वाली समस्याओं के बारे में जाना। रायडू ने अभी तक इस बात का खुलासा नहीं किया है कि, वह किस पार्टी में शामिल होंगे, लेकिन सोशल मीडिया पर उनकी टिप्पणियों से अटकलें लगने लगीं कि वह वाईएसआर कांग्रेस पार्टी में शामिल हो सकते हैं। 19 अप्रैल को, उन्होंने श्रीकाकुलम जिले के नौपाड़ा में जगन के भाषण के लिए उनकी प्रशंसा करते हुए ट्वीट किया था।












Click it and Unblock the Notifications