भिवानी में 21 जून को सीएम मनोहर लाल के साथ हजारों प्रतिभागी करेंगे योग, मुख्य अतिथि रहेंगे मुख्यमंत्री
भिवानी, 20 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भिवानी के भीम स्टेडियम में 21 जून को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। कार्यक्रम सुबह 6:15 बजे से शुरू होगा जिसमें 25000 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। लोगों को योग के प्रति जागरूक करने के लिए समारोह से एक दिन पहले फाइनल रिहर्सल के बाद भिवानी के भीम स्टेडियम में ही मैराथन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्कूली बच्चे व खिलाड़ी भाग लेंगे। इस राज्य स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम में 25 हजार प्रतिभागी एक साथ योग करेंगे।

हरियाणा में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को मनाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हरियाणा सरकार के आयुष निदेशालय की ओर से प्रत्येक जिला मुख्यालय पर किए जाने वाले कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने वाले गण्यमान्य व्यक्तियों की सूची जारी कर दी गई है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल भिवानी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला जींद में, गृहमंत्री अनिल विज अंबाला में, विधानसभा के डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा फरीदाबाद में मुख्य अतिथि रहेंगे।

सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि सांसद धर्मबीर सिंह चरखी दादरी में, विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली फतेहाबाद में, कृषि मंत्री जयप्रकाश दलाल गुरुग्राम में, सांसद ब्रिजेंद्र सिंह हिसार में, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर हिसार जिला के गांव राखीगढ़ी में, सांसद अरविंद शर्मा झज्जर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। इसी प्रकार यमुनानगर में शिक्षा मंत्री कंवर पाल, कैथल में महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा, करनाल में सांसद संजय भाटिया, कुरुक्षेत्र में केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, नारनौल में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओम प्रकाश यादव, नूंह में श्रम एवं रोजगार मंत्री अनूप धानक, पलवल में परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, पंचकूला में विधानसभा के स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता, पानीपत में खेल एवं युवा मामले मंत्री संदीप सिंह, रेवाड़ी में सहकारिता मंत्री बनवारी लाल, रोहतक में नगर निकाय मंत्री कमल गुप्ता, सिरसा में बिजली मंत्री रणजीत सिंह और सोनीपत में सांसद रमेश चंद्र कौशिक अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications