पंजाबः CM Mann ने निभाया वादा, जालंधर-आदमपुर-होशियारपुर सड़क का निर्माण कार्य हुआ शुरू
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा, इस सड़क का शुरू होना राज्य सरकार की जनता से किए गए वादों को पूरा करने के प्रति गंभीरता को दर्शाता है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लोगों को बड़ी राहत देते हुए लंबे समय से लंबित जालंधर-आदमपुर-होशियारपुर सड़क का निर्माण कार्य आज शुरू कर दिया और इस परियोजना की लागत 13.74 करोड़ रुपये होगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले के लोगों के लिए आज का दिन 'ऐतिहासिक दिन' है क्योंकि इस परियोजना के पूरा होने से लोगों को काफी सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को पूरा करना राज्य सरकार की मुख्य प्राथमिकता है क्योंकि इससे जालंधर शहर से होशियारपुर जाने वाले लोगों और माता चिंतापूर्णी के पवित्र तीर्थस्थल के दर्शन करने जाने वालों और अन्य स्थानों पर जाने वाले राहगीरों को बड़ी सुविधा मिलेगी। भगवंत मान ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में व्यापार और उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि इस सड़क का शुरू होना राज्य सरकार की जनता से किए गए वादों को पूरा करने के प्रति गंभीरता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि हालांकि जालंधर से नए सांसद सुशील कुमार रिंकू का शपथ ग्रहण होना बाकी है, लेकिन सड़क का काम शुरू हो चुका है। भगवंत मान ने कहा कि सितंबर तक सड़क का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने लोगों की सुविधा के लिए अपना वादा पूरा किया है।












Click it and Unblock the Notifications