मिशन 2024 पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन! जुलाई के पहले हफ्ते से शुरू करेंगे 14 लोकसभा क्षेत्रों का दौरा
रांचीः लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारी शुरू हो चुकी है. एक तरफ केन्द्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी तीसरी बार सत्ता पाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती, दूसरी ओर मोदी सरकार के खिलाफ विपक्ष एकजुट होने की तैयारी में है. जिसको लेकर आगामी 23 जून को पटना में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विपक्षी दलों के नेताओं का महाजुटान हो रहा है, जिसमें 2024 के लोकसभा चुनाव को जीतने की रणनीति बनाई जाएगी.
भाजपा विरोधी दलों के नेताओं की इस महा जुटान में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शिरकत करेंगे. इसको लेकर पहले ही नीतीश कुमार को वे स्वीकृति दे चुके हैं. इन सबके बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जुलाई के प्रथम सप्ताह से राज्य के सभी 14 लोकसभा क्षेत्रों का दौरा करने वाले हैं. इसके जरिए जहां जेएमएम राज्य की सभी 14 सीटों में पार्टी की जमीनी हकीकत का आकलन करेगी वहीं दूसरी ओर राज्य सरकार के द्वारा हाल के दिनों में लिए गए निर्णय और चलाई जा रही योजना के प्रभाव से अवगत होगी. जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री का यह दौरा पलामू क्षेत्र से शुरू होने की संभावना है. पार्टी के द्वारा सीएम के कार्यक्रम को अंतिम रुप देने की तैयारी की जा रही है.

सीएम ने लिए हैं कई अहम फैसले, पार्टी को लाभ मिलने की उम्मीदः 2013 के बाद दूसरी बार 29 दिसंबर 2019 को राज्य की गद्दी संभालने वाले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस कार्यकाल में कई अहम फैसले लिए हैं. जिसमें 1932 खतियान आधारित स्थानीयता नीति, ओबीसी आरक्षण, सरना धर्म कोड विधेयक, निजी कंपनियों में स्थानीय के लिए 75 फीसदी आरक्षण, सरकारी कर्मियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम शामिल हैं. पार्टी को उम्मीद है कि इसका लाभ लोकसभा चुनाव में भी देखने को मिलेगा. ओबीसी आरक्षण, स्थानीय नीति, सरना धर्म कोड जैसे फैसले केन्द्र के भरोसे छोड़कर हेमंत सोरेन ने बीजेपी को करारा जवाब देने के लिए बड़ी राजनीतिक चाल चली है.
संथाल जो झामुमो का गढ़ माना जाता है, वहां से सिर्फ एक सीट राजमहल लोकसभा सीट पर जेएमएम के प्रत्याशी विजय हांसदा चुनाव जीतने में सफल हुए थे. कोल्हान की चाईबासा सीट पर गीता कोड़ा ने जीत दर्ज कर कांग्रेस का खाता खोलने में सफल रही थी. अगर बात करें एनडीए की तो बीजेपी को 11 और आजसू को गिरिडीह सीट के रुप में एक सीट पर सफलता मिली थी. बहरहाल चुनावी सरगर्मी के बीच सीएम हेमंत सोरेन अपनी सरकार के कामकाज के साथ-साथ दौरे पर भी अगले महीने से दिखेंगे जो संभवत: बीजेपी के बाद देश के पहले गैर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे जो लोकसभा चुनाव को लेकर पहल करना शुरू कर दिया है.












Click it and Unblock the Notifications