मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 278 ग्रामीण औद्यागिक पार्क की शुरुआत
CM ने बेरोजगारी भत्ता योजना के लिए पोर्टल का लोकार्पण करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने प्रत्येक शिक्षित बेरोजगार को हर महीने 2500 रुपये बेरोजगारी भत्ता देने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि लोग कहते हैं कि भूपेश है तो भरोसा है लेकिन मैं कहता हूं भरोसा है तो भूपेश है। लगातार चार साल की विपरीत परिस्थितियों में भी हमने छत्तीसगढ़ की जनता का भरोसा बनाए रखा। ये आपके भरोसे का सम्मेलन है। हमने किसानों, मजदूरों, नौजवानों सभी का भरोसा और विश्वास बनाए रखा।
सरगांव के हाईस्कूल मैदान के सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने गोधन न्याय योजना, रीपा, विभिन्न न्याय योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदी की मांग उठ रही थी। किसान कह रहे थे कि 15 क्विंटल ले रहे हैं लेकिन बाकी का धान 1200-1300 रुपए में बेचना पड़ता है। यहीं वजह है कि हमने प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदी करने का निर्णय लिया है। अब शहरी क्षेत्र के मजदूरों को न्याय योजना में शामिल करते हुए उन्हें राशि दी जाएगी। यहां से राजीव गांधी नगरीय भूमिहीन मजदूर न्याय योजना का शुभारंभ किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने रिकॉर्ड धान खरीदी की। इस वजह से यहां मंदी का असर नहीं रहा। अब गोबर से पेंट बना रहे हैं। अभी 41 हजार लीटर बना चुके हैं। 2 लाख लीटर तो हमारे सरकारी स्कूलों को ही चाहिए। सम्मेलन में मुंगेली जिले के प्रभारी मंत्री गुरू रूद्र कुमार, मंत्री शिवकुमार डहरिया, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, संसदीय सचिव रश्मि सिंह, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, लोरमी विधायक धर्मजीत सिंह, पर्यटन मण्डल अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष थानेश्वर साहू, अपेक्स बैंक अध्यक्ष बैजनाथ चंद्राकर, महापौर रामशरण यादव, मुंगेली जिला पंचायत अध्यक्ष लेखनी चंद्राकर, सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रमोद नायक, राजेंद्र शुक्ला, मुख्यमंत्री सलाहकार प्रदीप शर्मा, बिलासपुर संभाग के कमिश्नर डॉ. संजय अलंग, आईजी बीएन मीणा, मुंगेली कलेक्टर राहुल देव सहित बड़ी संख्या में किसान, मजदूर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद थे।
सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण एप्लीकेशन लांच
मुख्यमंत्री ने भरोसे के सम्मेलन में सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण 2023 के एप्लीकेशन को भी लांच किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक सर्वेक्षण के माध्यम से राज्य के वंचित समुदायों के विकास के लिए ठोस रणनीति बनाई जाएगी ताकि इन समुदायों के विकास की दिशा तय की जा सके।
ग्राम स्वराज का सपना होगा साकार
278 नए रीपा की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के सपने को साकार करने वाली एक महत्वपूर्ण योजना है। गांव गरीब किसानों और आम जनता को आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में सशक्त बनाने के लिए रीपा एक क्रांतिकारी कदम है।
बेरोजगारी भत्ता योजना के वेबपोर्टल का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने बेरोजगारी भत्ता योजना के लिए पोर्टल का लोकार्पण करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने प्रत्येक शिक्षित बेरोजगार को हर महीने 2500 रुपये बेरोजगारी भत्ता देने का निर्णय लिया है। 1 अप्रैल से प्रदेश के पात्र बेरोजगरों को बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा और वेब पोर्टल के माध्यम से निगरानी की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications