BRS सांसद ने केंद्र सरकार को घेरा, कहा- तेलंगाना के साथ हो रहा है भेदभाव
बीआरएस सांसद नामा नागेश्वर राव ने कहा कि 2021-22 में देश में कोल्ड स्टोरेज सुविधाओं के लिए 709.67 करोड़ रुपये जारी किए गए, लेकिन इस अवधि के दौरान तेलंगाना को कोई आवंटन नहीं किया गया।

बीआरएस ने कोल्ड स्टोरेज सुविधाओं के आवंटन को लेकर केंद्र सरकार पर तेलंगाना के खिलाफ भेदभाव का आरोप लगाया है। पार्टी सांसद नामा नागेश्वर राव ने आरोप लगाया कि संसद में एक लिखित जवाब में दी गई जानकारी और उपलब्ध कराए गए आंकड़े इस तथ्य को स्पष्ट रूप से इंगित करते हैं कि पिछले पांच वर्षों के दौरान तेलंगाना को केवल 53.33 करोड़ रुपये मिले जबकि भाजपा शासित गुजरात को 364.67 करोड़ रुपये मिले।
नामा नागेश्वर राव ने कोल्ड स्टोरेज सुविधाओं के निर्माण और प्रबंधन में तेलंगाना के प्रति बहुत ज्यादा भेदभाव दिखाने को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की। बीआरएस सांसद ने सरकार से पूछा कि देश में कितने कोल्ड स्टोरेज यूनिट हैं? उनकी क्षमता क्या थी और नए प्रस्तावों का ब्यौरा क्या था। बीआरएस सांसद ने कहा कि वर्ष 2019-20 के लिए धनराशि जारी करने में तेलंगाना के साथ भेदभाव किया गया। उन्होंने कहा कि केंद्र ने वित्तीय वर्ष 2021-22 के दौरान तेलंगाना में कोल्ड स्टोरेज के लिए मिशन फॉर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट ऑफ हॉर्टिकल्चर (MIDH) योजना के तहत कोई पैसा जारी नहीं किया।
उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में गुजरात को 364.67 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं जबकि तेलंगाना को पांच वर्षों में केवल 53.33 करोड़ रुपये मिले हैं। उन्होंने कहा कि 2021-22 में देश में कोल्ड स्टोरेज सुविधाओं के लिए 709.67 करोड़ रुपये जारी किए गए, लेकिन इस अवधि के दौरान तेलंगाना को कोई आवंटन नहीं किया गया।












Click it and Unblock the Notifications