चंद्रबाबू नायडू ने जगन रेड्डी सरकार को ठहराया SSC छात्रों की आत्महत्या का जिम्मेदार
चंद्रबाबू नायडू ने जगन रेड्डी सरकार को ठहराया SSC छात्रों की आत्महत्या का जिम्मेदार, बोले- बर्बाद हो चुकी शिक्षा व्यवस्था
विजयवाड़ा, 11 जून: टीडीपी सुप्रीमो और विपक्ष के नेता एन चंद्रबाबू नायडू ने जगन मोहन रेड्डी की सरकार को राजनीतिक विरोधियों की हत्याओं, किसानों की बदहाली, बेरोजगार, दसवीं के छात्रों की आत्महत्या और महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे क्राइम के लिए जिम्मेदार ठहराया है। इस साल दसवीं कक्षा की परीक्षा (एसएससी) में 2 लाख छात्र फेल हो गए। जिसके बाद कई छात्रों ने अपना जीवन समाप्त कर लिया। इसके लिए नायडू ने जगन रेड्डी सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनको दसवीं कक्षा के छात्रों की आत्महत्या की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

आंध्र प्रदेश बोर्ड के निराशाजनक नतीजों के बाद कई छात्रों की आत्महत्या की बात सामने आई है। पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने खराब परिणामों के लिए जगन सरकार को दोषी ठहराया। उन्होंने मुख्यमंत्री से जवाब मांगते हुए पूछा कि आखिर सरकारी स्कूलों में उनके बहुचर्चित नाडु-नेदु कार्यक्रम के बावजूद इतनी उच्च विफलता दर कैसे है। चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि आंध्र प्रदेश में टीडीपी के शासनकाल के दौरान परीक्षा में सफलता दर 90 से 95 फीसदी तक थी लेकिन अब YSRC सरकार में यह घटकर 67% रह गई है। ये गिरता स्तर स्कूली शिक्षा की दयनीय स्थिति को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश में 10वीं बोर्ड के यह नतीजे मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी के उन दावों की पोल खोलते हैं, जिनमें वो शिक्षा प्रणाली में सुधार की बातें कहते हैं। परंतु इन सबके बावजूद जगन सरकार इसे नाकामी के तौर पर लेने के बजाए कोविड महामारी जैसे बहानों का इस्तेमाल कर अपनी विफलता छिपाने की कोशिश कर रही हैं। जगन सरकार की इन गलत नीतियों ने कैसे लाखों छात्रों के भविष्य को खराब कर दिया, यह बोर्ड नतीजों ने उजागर कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications