अमित शाह के दौरे की तैयारियां तेज, सीएम खट्टर ने लिया जायजा
मुख्यमंत्री ने अनाज मंडी के बाद एग्रो मॉल का ग्राउंड फ्लोर से लेकर अंतिम मंजिल तक पहुंचकर निरीक्षण किया और वहां की स्थिति का जायजा लिया तथा हैफेड के अधिकारियों को कार्यक्रम के सम्बंध में आवश्यक निर्देश दिए।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर बुधवार को करनाल अनाज मंडी पहुंचे और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 14 फरवरी के करनाल दौरे को लेकर कार्यक्रम स्थल का दौरा करके प्रबंधों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। खट्टर के साथ इस दौरान पुलिस महानिदेशक पी के अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) आलोक मित्तल भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने अनाज मंडी के बाद एग्रो मॉल का ग्राउंड फ्लोर से लेकर अंतिम मंजिल तक पहुंचकर निरीक्षण किया और वहां की स्थिति का जायजा लिया तथा हैफेड के अधिकारियों को कार्यक्रम के सम्बंध में आवश्यक निर्देश दिए। इस मौके पर घरौंडा के विधायक हरविंदर कल्याण, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद, हैफेड के चेयरमैन कैशाल भगत, हैफेड के प्रबंध निदेशक ए. श्रीनिवास, करनाल मंडलायुक्त डॉ. साकेत कुमार तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
खट्टर ने कहा कि एग्राम मॉल अब हैफेड को सौंप दिया है तथा 14 फरवरी को करनाल आगमन के दौरान श्री शाह इस मॉल का शुभारम्भ कर सकते हैं। हैफेड मॉल की शुरुआत के बाद चावल कारोबार और अन्य प्रकार के खाद्यान्न के निर्यात से जुड़े कार्यालय और प्रतिष्ठान संचालित हो सकेंगे। यह एग्रो मॉल करनाल जीटी रोड पर स्थित है जिसका क्षेत्रफल 15694 वर्ग मीटर है। एग्रो मॉल में एक बेसमेंट और चार फ्लोर बनाए गए है, मॉल के ग्राउंड फ्लोर पर 86 दुकानें हैं, दो फ्लोर ओपन रखे गए हैं तथा टॉप फ्लोर पर 46 ऑफिस बनाए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications