Paush Purnima 2026: साल की पहली पूर्णिमा आज, क्या है पूजा विधि और महत्व?
Paush Purnima 2026: पौष मास की पूर्णिमा यानी कि पौष पूर्णिमा का दिन बेहद ही पावन होता है, यह धार्मिक,आध्यात्मिक और पुण्य कर्मों के लिए अत्यंत शुभ माना गया है। पौष पूर्णिमा के साथ ही माघ स्नान और कल्पवास का शुभारंभ भी होता है इसलिए इसका महत्व और भी बढ़ जाता है। इस दिन गंगा सहित पवित्र नदियों में स्नान, दान और भगवान विष्णु की पूजा करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है।

हिंदू पंचांग के अनुसार, पौष पूर्णिमा तिथि का आरंभ कल शाम 6:53 PM से हो गया था और इसका समापन आज 3: 32 PM पर होगा, उदयातिथि मान्य होने की वजह से पौष पूर्णिमा का व्रत 3 जनवरी 2026 यानी की आज रखा गया है।
Paush Purnima 2026 की पूजा विधि
पौष पूर्णिमा के दिन पूजा विधि सरल और प्रभावशाली है। प्रातः स्नान के बाद स्वच्छ वस्त्र धारण करें और पूजा स्थान को साफ करें। चौकी पर भगवान विष्णु या श्रीहरि की प्रतिमा या चित्र स्थापित करें। दीप प्रज्वलित कर पुष्प, अक्षत, तुलसी दल और फल अर्पित करें। इसके बाद 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जाप करें। सत्यनारायण भगवान की कथा सुनें। अंत में भगवान से परिवार की सुख-शांति और कल्याण की प्रार्थना करें और प्रसाद बांटे।
Paush Purnima 2026 का धार्मिक महत्व
मान्यता है कि इस दिन किए गए स्नान और दान से व्यक्ति के समस्त पाप नष्ट हो जाते हैं और जीवन में सुख-समृद्धि का वास होता है। शास्त्रों के अनुसार पौष पूर्णिमा से माघ मास की शुरुआत मानी जाती है, जो तप, संयम और साधना का श्रेष्ठ समय होता है। प्रयागराज, हरिद्वार, काशी और अन्य तीर्थ स्थलों पर इस दिन लाखों श्रद्धालु पवित्र स्नान करते हैं। पौष पूर्णिमा को देवताओं की विशेष कृपा प्राप्त करने का अवसर भी माना जाता है।
Paush Purnima 2026 पर स्नान और दान का महत्व
पौष पूर्णिमा के दिन प्रातःकाल ब्रह्म मुहूर्त में स्नान करना अत्यंत शुभ होता है। यदि गंगा या किसी पवित्र नदी में स्नान संभव न हो तो घर पर ही स्नान के जल में गंगाजल मिलाकर स्नान किया जा सकता है। स्नान के बाद अन्न, वस्त्र, तिल, गुड़, कंबल, घी और गर्म कपड़ों का दान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। माना जाता है कि इस दिन किया गया दान कई गुना फल देता है।
DISCLAIMER: यह सूचना इंटरनेट पर उपलब्ध मान्यताओं और सूचनाओं पर आधारित है। वनइंडिया लेख से संबंधित किसी भी इनपुट या जानकारी की पुष्टि नहीं करता है इसलिए किसी भी जानकारी को अमल में लाने से पहले कृपया किसी जानकार ज्योतिष या पंडित की राय जरूर लें।












Click it and Unblock the Notifications