योगी कैबिनेट के तीन मंत्रियों ने की सीएम त्रिवेंद्र से मुलाकात, आपदा में राहत-बचाव पर की चर्चा
देहरादून। मंगलवार को सचिवालय में उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ धर्म सिंह सैनी और विजय कश्यप ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से भेंट की। उन्होंने जोशीमठ क्षेत्र के रैणी क्षेत्र में आई आपदा से संबंधित बचाव एवं राहत कार्यों के संबंध में मुख्यमंत्री से चर्चा की।

कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने सीएम त्रिवेंद्र को अवगत कराया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आपदा पीड़ितों की सहायता के लिये हरिद्वार में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके लिए एडीएम स्तर के अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कैबिनेट मंत्री ने मुख्यमंत्री को यह भी बताया कि मुख्यमंत्री योगी ने उत्तराखंड सरकार को इस आपदा के संकट में सहयोग देने की बात कही है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यूपी के लोग काफी संख्या में इस क्षेत्र की विद्युत परियोजनाओं में काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर सभी जिलाधिकारियों को अपने जनपद से इस परियोजना में कार्यरत लोगों की सूची उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही यूपी के लापता लोगों की सूची और फोटो उत्तराखंड सरकार को भेजी जाएगी।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी का आभार जताते हुए कहा कि इस आपदा में फंसे लोगों को राहत पहुंचाने के लिये सभी एजेंसियों का सराहनीय सहयोग मिल रहा है। रैणी से लेकर नदी तटों के सभी स्थलों पर भी व्यापक खोजबीन की जा रही है। ताकि लापता लोगों का पता लग सके। उन्होंने बताया कि इस आपदा में हमें केदारनाथ के अनुभवों का भी लाभ मिल रहा है। यदि लोगों की पहचान हो सके तो ठीक है, नहीं तो उनके डीएनए की जांच कर रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के प्रयास किये जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications