रूसी स्पुतनिक वैक्सीन खरीदने की तैयारी में हरियाणा सरकार, कैबिनेट से मिलेगी मंजूरी, फिर लगेंगे टीके
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार देशी वैक्सीन के साथ लोगों को विदेशी वैक्सीन के डोज भी देगी। इसके लिए स्पुतनिक वैक्सीन की खरीद की तैयारी पूरी कर ली गई है। एक विदेशी कंपनी हरियाणा सरकार को 6 करोड़ स्पुतनिक वैक्सीन के डोज बेचना चाहती है, मगर हरियाणा सरकार 1 करोड़ वैक्सीन ही खरीदने वाली है। क्योंकि, हरियाणा में कुल पौने 2 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगनी है। ऐसे में अब कितनी वैक्सीन की खरीदनी है, इस पर सरकार की कैबिनेट फैसला करेगी।

अनिल विज ने ट्वीट के जरिये दी जानकारी
हरियाणा के गृह व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने एक ट्वीट के जरिये बताया कि दवा निर्माता कंपनी के प्रस्ताव की जानकारी कैबिनेट की बैठक में रखी जाएगी। कंपनी ने 1120 रुपये प्रति डोज के हिसाब से यह दवा उपलब्ध कराने की पेशकश की है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में 15 जून को होने वाली बैठक में इस कंपनी की ओर से आए प्रस्ताव को रखा जाएगा और वहीं तय होगा कि कितनी डोज मंगाई जाए। प्रदेश सरकार ने 18 से 44 साल की आयु वर्ग के लोगों का मुफ्त टीकाकरण करने का निर्णय लिया है।
हरियाणा को चाहिए एक करोड़ डोज
हरियाणा सरकार ने करीब एक करोड़ डोज के लिए ग्लोबल टेंडर जारी किया था, जिसकी आखिरी तारीख चार जून को खत्म हो गई। लेकिन, मालटा की इस कंपनी ने पांच जून को हरियाणा सरकार से संपर्क किया और छह करोड़ तक इंजेक्शन की डोज उपलब्ध कराने की पेशकश की।
गृह व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि हम वैक्सीन की कमी को दूर करने के लिए टेंडर के नियमों में छूट देने के लिए तैयार हैं। ब्लैक फंगस के इंजेक्शनों की खरीद के लिए भी ग्लोबल टेंडर जारी किया गया था, जिसमें सिर्फ एक कंपनी ने भाग लिया था। नियमों के अनुसार एक कंपनी के होने पर दोबारा टेंडर करने का प्रविधान है, लेकिन मरीजों को इंजेक्शन की तत्काल जरूरत को देखते हुए इस कंपनी को नियमों में छूट दी गई और उसे 15 हजार इंजेक्शन के आर्डर दिए गए।
मालटा की कंपनी ने हरियाणा को अगले 30 दिनों के भीतर 10 लाख डोज वैक्सीन की सप्लाई करने की बात कही है। फिर हर 20 दिन के अंतराल पर 10-10 लाख डोज उपलब्ध होती रहेंगी। राज्य में अब तक 60 लाख लोगों को टीके लग चुके हैं, जबकि कुल पौने दो करोड़ लोगों को टीके लगने हैं।












Click it and Unblock the Notifications