Film Expo India 2026: एक छत के नीचे सिनेमा, AI, स्टार्टअप और आर्ट का महासंगम, जानिए क्या है खास?
नई दिल्ली के भारत मंडपम में 26 अगस्त से Film Expo India 2026 की शुरुआत हो गई है। पांच दिन चलने वाला यह एक्सपो 30 अगस्त तक चलेगा। खास बात यह है कि यहां सिर्फ फिल्मों की बात नहीं हो रही। सिनेमा के साथ AI, टेक्नोलॉजी, स्टार्टअप, इन्वेस्टमेंट, आर्ट, कल्चर और एंटरप्रेन्योरशिप को भी एक ही प्लेटफॉर्म पर जोड़ा गया है। फिल्ममेकर, क्रिएटर, निवेशक, कलाकार और इंडस्ट्री के बड़े नाम यहां एक साथ नजर आ रहे हैं।
ओपनिंग सेरेमनी में फिल्म और मीडिया जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं। इनमें विंदू दारा सिंह, संदीप मारवाह, नंदिता दास, पंकज पाराशर, विवेक वासवानी, गौतम शाह, बलबीर सिंह रंधावा, कृष्ण कुमार, सगून वाघ और जीत वाघ शामिल रहे। आयोजन टीम में मुकेश कुमार, ज्योति यादव और माधुरी यादव की अहम भूमिका रही। संदीप मारवाह ICMEI के प्रेसिडेंट और AAFT University के चांसलर हैं। वहीं विंदू दारा सिंह Film Expo India के मेंटर और क्यूरेटर हैं।

क्या होगी सिनेमा की अगली तस्वीर?
एक्सपो के सबसे चर्चित सेशन में "The Next 5000 Screens" रहा। इसे ABP News के आशीष सिंह ने मॉडरेट किया। पैनल में चंद्रन रत्नम, नंदिता दास, पंकज पाराशर, राहुल रवैल और राहुल नेहरा शामिल रहे।
बात सिर्फ सिनेमाघरों की संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं रही। चर्चा इस बात पर हुई कि बदलते दर्शकों के दौर में सिनेमा किस तरह नए स्क्रीन, नए फॉर्मेट और नई स्टोरीटेलिंग के साथ आगे बढ़ेगा। एक्सपो में राजेश तैलंग का खास सेशन भी हुआ। इसके अलावा विंदू दारा सिंह, गुरुचरण सिंह सोढ़ी, बृजेंद्र काला और जीत वाघ के साथ भी बातचीत हुई।
एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में मार्केटिंग की भूमिका पर भी खास चर्चा हुई। "From Storytelling to Success: The Role of Marketing in Entertainment" सेशन को पल्लवी चतुर्वेदी ने लीड किया। उन्होंने खुराकी Advertising/Khushi Flix के संदर्भ में बताया कि आज किसी कंटेंट की सफलता में मार्केटिंग कितना बड़ा रोल निभाती है। यानी कहानी अच्छी होना जरूरी है, लेकिन उसे सही दर्शक तक पहुंचाना भी उतना ही जरूरी हो गया है।

स्टार्टअप और इन्वेस्टमेंट का भी बड़ा मंच
आइडियाबाज पवेलियन एक्सपो के बड़े आकर्षणों में रहा। यहां फिल्म और क्रिएटिव इंडस्ट्री से जुड़े प्रदूषण, बिजनेस आइडिया और निवेश के मौकों पर बातचीत हुई। इस हिस्से में एडिसन अप्पू, करण मित्तल, प्रणव ओबराई, अमित सिंगल और डॉ विभूति अग्रवाल शामिल रहे। वहीं मुदित कुमार, जीत वाघ और जीवराज सिंह सच्चर के बीच फायरसाइड बातचीत भी हुई। किरण चोपड़ा और स्वाति मुंजाल के साथ भी बातचीत हुई।
फिल्म एक्सपो इंडिया में सस्टेन लैंडिंग को भी जगह मिली। "क्लीन टेक एंड सर्कुलर इकोनॉमी: प्रॉफिटेबिलिटी मीट्स प्लैनेटरी इम्पैक्ट" सेशन में दिया मिर्जा, पवन राजकुमार, डॉ ललित सिंह और यूएनईपी के कौशिक चंद्रशेखर ने हिस्सा लिया। इसे छाया जोशी ने मॉडरेट किया।

10 हजार वर्ग मीटर में आर्ट का अलग संसार
एक्सपो के साथ इंटरनेशनल आर्ट एक्सपोज़िशन - "बियॉन्ड द कैनवस" भी चल रहा है। करीब 10,000 वर्ग मीटर में फैले इस आर्ट शो में 12 से ज्यादा गैलरी हिस्सा ले रही हैं। यहां कंटेम्परेरी, ट्राइबल, ट्रेडिशनल, डिजिटल और एक्सपेरिमेंटल आर्ट देखने को मिल रही है। दूसरी तरफ एक्सपो फ्लोर पर कैमरा, प्रोडक्शन टेक्नोलॉजी, कंटेंट क्रिएशन और नए क्रिएटिव टूल्स से जुड़ी कंपनियां भी मौजूद हैं। Sony और DJI जैसे ब्रांड भी इसमें हिस्सा ले रहे हैं।
भजन और क्लबिंग का अनोखा संगम
पहले दिन का अंत भी खास अंदाज में हुआ। भजन क्लबिंग नाइट में मालिनी अवस्थी, जॉनी सूफी और अनूप जलोटा ने परफॉर्म किया। पारंपरिक भक्ति संगीत को मॉडर्न लाइव एक्सपीरियंस के साथ पेश किया गया। Film Expo India 2026 अब 30 अगस्त तक भारत मंडपम में चलेगा। आने वाले दिनों में मास्टरक्लास, स्क्रीनिंग, AI और टेक्नोलॉजी शोकेस, स्टार्टअप-इन्वेस्टर मीटिंग, इंडस्ट्री डिस्कशन, आर्ट एक्सपीरियंस और लाइव परफॉर्मेंस जारी रहेंगे। खास बात यह है कि यह एक्सपो सिनेमा को सिर्फ फिल्म तक सीमित नहीं रखता, बल्कि उसे टेक्नोलॉजी, बिजनेस, आर्ट और नए आइडिया से जोड़ने की कोशिश करता है।


Click it and Unblock the Notifications
