छत्तीसगढ़: बघेल सरकार की नल जल योजना से साढ़े पांच लाख घरों को मिला वाटर कनेक्शन
छत्तीसगढ़: नल जल योजना से साढ़े पांच लाख घरों को वाटर कनेक्शन
रायपुर, 2 जुलाई: छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली सरकार की नल जल योजना से घर-घर पानी का कनेक्शन पहुंच रहा है। नल जल योजना के तहत राज्य में 5,66,614 घरों को वाटर कनेक्शन मिल गया है। इस योजना के तहत राज्य सरकार का इस साल 45,48,080 परिवारों के घरों तक नल कनेक्शन पहुंचाने का लक्ष्य है। पीएचई सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक के बाद ये जानकारी दी है।

मुख्यमंत्री बघेल ने राज्य के पेयजल समस्या मूलक विकासखडों सहित औद्योगिक और खनिज क्षेत्र में लोगों को स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति के लिए सतही पानी की आपूर्ति की योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इन इलाकों में भू-जल के दोहन से स्थिति जटिल होते जा रही है। बैठक में मुख्यमंत्री ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को पेयजल में हैवी मेटल की मात्रा की जांच की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, पीएचई मंत्री गुरु रुद्रकुमार ने राज्य में पेयजल की आपूर्ति अद्यतन व्यवस्था व जल जीवन मिशन के कार्याें के प्रगति की विस्तार से जानकारी दी।
सचिव परदेशी ने पावर प्वाईंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी कि वर्तमान समय में राज्य में 2,83,653 हैंड पंप, 4097 नलजल योजना क्रियाशील हैं। इसमें से 11,160 हैंड पंप और 1178 नलजल योजनाएं बीते ढाई सालों में स्थापित किए गए हैं। मिनीमाता अमृत धारा योजना के तहत 73,584 घरेलू नल कनेक्शन दिए गए हैं। राज्य के ऐसे इलाके जहां भू-जल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं है, वहां पेयजल की आपूर्ति के लिए सतही स्त्रोत से पेयजल उपलब्ध कराने वर्तमान में समूह जल प्रदाय योजना एवं नलजल प्रदाय योजनाओं के निर्माण की कार्यवाही की जा रही है। बैठक में कई मंत्री मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications