बीज शोधन के बाद खेती से किसान फसल की पैदावार अच्छी कर सकते हैं, कृषि विभाग ने दिए TIPS
प्रयागराज, मई 27: खेती तो सभी किसान करते हैं। इनमें से कई जागरूक किसानों की फसल की की पैदावार अच्छी होती है तो कुछ की अपेक्षाकृत कम। ऐसे में हम यहां किसान भाइयों को बेहतर फसल उत्पादन की तकनीक बता रहे हैं। कृषि विभाग के जानकार अच्छी पैदावार के लिए टिप्स किसानों के लिए दिए हैं। कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को बीज शोधन के लाभ बताए हैं। साथ ही रोगमुक्त फसलों की खेती के लिए भी सुझाव दिए हैं। इसके अलावा किसानों को 75 फीसदी अनुदान पर जैविक कीटनाशक की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी दी है।

कृषि विभाग का बीज शोधन अभियान
16 मई से 15 जून तक बीज शोधन अभियान कृषि विभाग द्वारा चलाया जा रहा है। जिला कृषि रक्षा अधिकारी इंद्रजीत यादव ने बताया कि बीज शोधन कर अच्छी उपज पैदा की जा सकती है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि रबी फसल की कटाई के बाद गर्मी की जुताई जरूर कराएं। ऐसा इसलिए ताकि कीट व बीमारी संबंधी अंडा लार्वा, प्यूपा व फफूंद व जीवाणु खेत में जमीन की सतह पर आ जाएं। क्योंकि ये गर्मी से नष्ट हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि खरीफ फसल धान, मक्का, बाजरा, ज्वार, दलहन व तिलहन की बुवाई करनी हो तो झुलसा, तुलासिता, कंडुआ, रॉट, सड़न, पत्ती, धब्बा समेत विभिन्न बीमारी से बचाव के लिए बीज शोधन का प्रयोग करना चाहिए।
फसल के बेहतर उत्पादन के लिए किसानों को आवश्यक टिप्स
किसानों को सलाद दी गई है कि थीरम 75 प्रति डब्ल्यूएस 2.5 ग्राम बीज के अनुसार या कार्बेंडाजिम 50 फीसद डब्ल्यूपी 2 ग्राम बीज के अनुसार मेटा लैक्सिल 35 फीसद डब्ल्यूपीएस छह ग्राम को प्रयोग प्रति किलोग्राम बीज में मिलाकर बुवाई कराएं। धान की फसल को रोगों से बचाने के लिए स्ट्रैप्टोमाइसिन सल्फेट 90 फीसद, टेट्रासाइक्लीन हाइक्लोराइड 10 फीसद चार ग्राम प्रति 25 किलोग्राम बीज को 10 लीटर पानी में मिलाकर रात भर रखेंं। अगले दिन छाया में सुखाकर धान में दो ग्राम कार्बेन्डाजिम को प्रति किलोग्राम के हिसाब से बीज शोधन करना चाहिए, जिससे बीज जनित सभी बीमारियां खत्म हो जाए। इसके अलावा ट्राइकोडर्मा का इस्तेमाल कर दलहनी फसलों में चार ग्राम प्रति किलोग्राम बीज की दर से शोधित कर बोना चाहिए। ताकि उकठा, जड़ गलन व तना गलन आदि रोग न लगे।
75 फीसद अनुदान पर मिलता है जैविक कीटनाशक
किसान जैविक कीटनाशक जैसे ट्राइकोडर्मा व बावेरिया वैशियाना को 75 फीसद अनुदान पर राजकीय कृषि रक्षा इकाई से खरीद सकते हैं। इसके अलावा कीट रोग संबंधी समस्या के निदान के लिए सहभागी फसल निगरानी टीम के वाट्सएप नंबर 9452257111 व 9452247111 पर मैसेज भेज सकते हैं। 48 घंटे में समाधान किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications