OMG 2 की राह में रोड़े ही रोड़े

OMG 2:भगवान शिव को लेकर बनी OMG-2 का टीजर लांच करते समय अक्षय कुमार ने लिखा, "रख विश्वास, तू है शिव का दास"। लेकिन टीजर रिलीज होते ही जिस तरह से सेंसर बोर्ड ने मूवी को रिव्यू कमेटी के पास भेजने का फैसला लिया है, उससे खुद अक्षय कुमार का भी विश्वास डिग गया होगा। आदिपुरुष फिल्म जैसे विवाद से बचने के लिए सेन्सर बोर्ड खुद पूरी जांच पड़ताल के बाद ही मूवी को हरी झंडी दिखायेगा।

इसका कारण यह है कि 11 जुलाई को टीजर रिलीज होते ही लोगों ने कमियां भी ढूंढना शुरू कर दिया और ट्विटर पर चेतावनी देने लगे कि फिर से भगवान का मजाक उड़ाने की कोशिश भी नहीं करना, आदिपुरुष जैसा ही हाल करेंगे। अब माना जा रहा है कि टीजर के एक सीन पर शिव भक्तों की आपत्ति के चलते ही सेंसर बोर्ड एक्शन में आया है। ये आपत्ति है भी गंभीर, जिसमें भगवान शिव को रेलवे यार्ड में सफाई के लिए इस्तेमाल होने वाले पानी से नहाते दिखाया गया है। ये कल को गम्भीर मुद्दा भी हो सकता है कि भगवान शिव रेलवे ट्रैक पर बैठकर उस पानी से कैसे नहा सकते हैं, जो ट्रेनों को धोने, टॉयलेट आदि में भरने के काम में लिया जा सकता है?

why the controversy over akshay kumar film omg 2 review in hindi

हालांकि इतने हंगामे के बाद उम्मीद तो की जा रही है कि आदिपुरुष जैसी गलतियां नहीं की होंगी। वैसे भी 'OMG' तो लोग देख ही चुके हैं, उसमें जिस तरह से मॉर्डन कृष्ण के रूप में अक्षय को दिखाया गया था, उसी तरह इसमें भी वो शिव के रूप में नजर आएंगे, जो जींस, जैकेट पहनकर किसी ऊंची बिल्डिंग की मुंडेर पर खड़े होकर डांस भी कर सकते हैं। ऐसा एक सीन है भी। फिल्म में एक्ट्रेस यामी गौतम भी हैं और पुरानी फिल्म में नाराज साधु का रोल निभाने वाले गोविंद नामदेव भी। लेकिन परेश रावल नहीं हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू मे कहा है कि मुझे अपना रोल पसंद नहीं आया था। बावजूद इसके उनकी पत्नी स्वरूप रावल इस मूवी में एक प्रोडयूसर हैं।

यूं टीजर से जो कहानी निकलकर आई है, वो है कांतिशरण मुदगल की। ओएमजी वाले कांति भाई (परेश रावल) नास्तिक थे, तो ओएमजी-2 वाले कांतिशरण (पंकज त्रिपाठी) आस्तिक बने हैं। महाकाल के भक्त हैं। उनके ऊपर कोई विपदा आती है तो महाकाल को उनकी मदद के लिए आना पड़ता है। टीजर में अक्षय पंकज से कहते भी हैं, 'रख विश्वास.. तू है शिव का दास'। पिछली मूवी के क्लाइमेक्स की जानकारी रखने वालों और इस मूवी के टीजर को देखने के बाद, सनानत को मानने वालों और खासतौर पर फिल्मों में देवी देवताओं से छेड़छाड़ पर पैनी नजर रखने वालों को अगर नहाने वाला सीन छोड़ दिया जाए तो इस फिल्म के टीजर से कोई बड़ी दिक्कत दिखती नहीं। लेकिन कल को मूवी में कुछ बड़ा हुआ तो माहौल गरम हो सकता है।

यूं इसकी सम्भावनाएं बेहद कम नजर आती हैं, उसकी कई वजहे हैं। एक तो लोग 'आदिपुरुष' का हाल देख चुके हैं। दूसरे फिल्म के क्रिएटिव प्रोडयूसर के तौर पर चंद्रप्रकाश द्विवेदी को जोड़ दिया गया है। उनके रहते धार्मिक आस्था को चोट लगने की सम्भावना कम ही है। हालांकि 'पृथ्वीराज' के ऐतिहासिक मामले में उन्हें भी बक्शा नहीं गया था।

अब बात फिल्म की कहानी की क्योंकि केवल आस्तिक की सहायता के लिए शिव आए, इतनी सी कहानी तो हो नहीं सकती। सोशल मीडिया पर अचानक से कभी आईएमडीबी का तो कभी किसी और फिल्मी साइट का स्क्रीन शॉट वायरल हो रहा है, जिसमें प्लॉट वाले सेक्शन में लिखा आ रहा है कि फिल्म सेक्स एजुकेशन पर आधारित होगी। ये भी दावा करने वाली सोशल मीडिया पोस्ट वायरल हो रही हैं, जिनमें ये बताया गया है कि पंकज त्रिपाठी कोर्ट में सेक्स एजुकेशन की वकालत करेंगे। लेकिन कुछ मीडिया खबरों में सूत्रों के हवाले से इन खबरों को गलत बताया गया है। ऐसे में अक्षय कुमार, पंकज त्रिपाठी या फिल्म प्रोडक्शन से जुड़े लोगों का चुप रहना, ऐसे कयासों को हवा दे रहा है।

फिल्म के बारे में ये पहले ही खबर आ चुकी है कि एक बड़ी सामाजिक समस्या को ये फिल्म उठाएगी और वो समस्या प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, नतीजे मनमर्जी अनुसार ना आने पर आत्महत्या जैसे कदम उठाना आदि से जुड़ी हो सकती है। अगर 'OMG 2' का टीजर ध्यान से देखेंगे तो पाएंगे उसमें एक बच्चा ट्रेन के आगे खड़ा होकर सुसाइड कर लेता है, इससे लगता है कि ये कहानी सच भी हो सकती है और वो बच्चा मूवी में पंकज त्रिपाठी का हो सकता है। यूं पंकज त्रिपाठी भले ही 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' जैसी फिल्में करने के बाद अनुराग कश्यप कैम्प के माने जाते हों, लेकिन युवा अवस्था में वह संघ परिवार के विद्यार्थी परिषद (ABVP) जैसे संगठन से पटना में जुड़े रहे हैं। छात्र नेता रहे हैं, सो छात्रों की परेशानियों से जुड़ी समस्याएं उनके लिए समझना और अपने अंदाज में समझाना आसान होगा।

कुछ लोग अमित राय को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं। पहले मूवी के निर्देशक उमेश शुक्ला थे। बाद में कहानी अमित राय की होने के कारण उन्हीं को निर्देशन का काम दे दिया गया। अमित राय इससे पहले परेश रावल की मूवी 'रोड टू संगम' को निर्देशित कर चुके हैं। ये एक ऐसी फिल्म थी जिसमें मुस्लिम मैकेनिक के रोल में जब परेश रावल उस वाहन की मरम्मत करते हैं, जिसमें गांधीजी की अस्थियां संगम को जानी थीं, तो मुस्लिम उसका विरोध करते हैं। कुल मिलाकर तथाकथित गंगा-जमुना संस्कृति को बढ़ावा देने वाली फिल्म थी, लेकिन आज का भगवा युवा जबरन थोपे गए इन किस्सों से इत्तेफाक नहीं रखता। सो अमित राय उनके महादेव के साथ न्याय कर सकेंगे, ऐसा भी उनको नहीं लगता है।

ओह माई गॉड 2 के लिए एक और बड़ी समस्या है। दरअसल ये मूवी 11 अगस्त को रिलीज होगी। उसी दिन सन्नी देओल की 'गदर 2' रिलीज होने जा रही है, और उसका सीक्वल काफी चर्चा में है। यूं सन्नी देओल अभी सीन में नहीं है, लेकिन उनकी फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा है। एक और समस्या चिरंजीवी की मूवी की है, उनकी फिल्म का नाम भी है 'भोला शंकर'। ये भी 11 अगस्त को ही रिलीज हो रही है, जबकि 10 अगस्त को रजनीकांत की मूवी 'जेलर' रिलीज हो रही है। दोनों ही फिल्मों में हीरोइन तमन्ना भाटिया हैं।

ओएमजी-2 मूवी की रिलीज की तारीख हालांकि सोच समझकर तय की गई है क्योंकि उस समय लोग 4 दिन की छुट्टियां शायद एक साथ लेने वाले हैं। 11 को शुक्रवार है, ज्यादातर लोगों की 12-13 की छुट्टी रहेगी और 15 अगस्त के चलते 14 को भी बहुत से लोग छुट्टी ले सकते हैं।

ओह माई गॉड 2 के लिए सबसे खास बात है कि इस बार सावन का महीना काफी लम्बा चलने वाला है। 31 अगस्त को खत्म होगा। ऐसे में भोले के भक्तों के लिए ये पूरा ही महीना काफी जोश भरा रहने वाला है। उसका फायदा अक्षय कुमार की मूवी को मिलना तय मानिए। वैसे अक्षय के लिए कहा जा रहा है कि इस मूवी के लिए उन्होंने अपनी फीस 100-120 करोड़ से घटाकर 35 करोड़ कर दी है।

पिछली कई फ्लॉप फिल्मों के बाद ये बनता भी था, लेकिन वो इसे भी फ्लॉप होते देखना शायद बर्दाश्त ना कर पाएं, इसलिए मनोज मुंतशिर की तरह बहुत बोलने की बजाय अक्षय समेत पूरी टीम खामोश हो गई है। अब बस शिवजी का ही भरोसा है, पहले सेंसर बोर्ड की उम्मीदों पर खरा उतरना है, फिर शिव भक्तों की उम्मीदों पर।

इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज की टिप्पणी तो इन लोगों ने भी सुनी ही होगी कि ''मैंने एक फिल्म देखी थी जिसमें भगवान शिव को अपने त्रिशूल के साथ अजीब तरीके से दौड़ते हुए दिखाया गया है। क्या यह एक मज़ाक है? अगर आप कुरान पर एक छोटी सी डॉक्यूमेंट्री बनाकर उसमें गलत चीजें दिखाते हुए रिलीज करेंगे, तो आप सोच सकते हैं कि आगे क्या होगा?"

(इस लेख में लेखक ने अपने निजी विचार व्यक्त किए हैं। लेख में प्रस्तुत किसी भी विचार एवं जानकारी के प्रति Oneindia उत्तरदायी नहीं है।)

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+