Manipur Violence: क्या मणिपुर हिंसा के पीछे विदेशी हाथ है?
Manipur Violence: क्या मणिपुर में हो रही हिंसा के पीछे विदेशी ताकतों का हाथ है? अगर खुफिया एजेंसियों की मानें तो इसका जवाब "हां" है। सैन्य खुफिया सहित भारतीय खुफिया एजेंसियों ने इस कोण का मजबूत संबंध पाया है और पूर्वोत्तर में संकट को हवा देने में चीन की बढ़ती भूमिका से सावधान किया हैं। सूत्रों ने पुष्टि की है कि "ऑपरेशन सनराइज" की सफलता के बाद चीन भारत-म्यांमार सहयोग को तोड़ने और क्षेत्र में विद्रोही नेटवर्क को पुनर्जीवित करने के लिए बेताब है।
2019 में भारत और म्यांमार की सेनाओं ने उत्तर पूर्व में सक्रिय विद्रोही समूहों के शिविरों को निशाना बनाकर म्यांमार सीमा पर संयुक्त अभियान के दो चरण शुरू किए थे। इस रणनीति का उद्देश्य उग्रवादी समूहों को नष्ट करना था जो भारत और म्यांमार दोनों को प्रभावित कर रहे हैं। चीनी रणनीति पूर्वोत्तर को अस्थिर करने की है ताकि लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर चीनी चुनौती का सामना करने की बजाय भारतीय सेना वहीं बंधी रहे। चीन भारत को बाहर रखते हुए म्यांमार और बांग्लादेश के रास्ते बंगाल की खाड़ी तक एक व्यापार मार्ग विकसित करने का भी इच्छुक है।

कुख्यात गोल्डन ट्राएंगल (वह क्षेत्र जहां थाईलैंड, लाओस और म्यांमार की सीमाएं रुआक और मेकांग नदियों के संगम पर मिलती हैं) से पूर्वोत्तर में नशीले पदार्थ और अवैध शराब भेजने के पीछे चीन का हाथ बताया जाता है और वह म्यांमार की सेना को आपूर्ति करता रहा है। साथ ही पीडीएफ जैसे विद्रोही समूह भी इस क्षेत्र को अस्थिर रखने के लिए चीन के सहयोग से सक्रिय है। म्यांमार के काचिन राज्य में, जहां काचिन इंटीग्रेटेड फोर्स (केआईएफ) सेना से लड़ रही है, चीन दोनों का वित्तपोषण कर रहा है। चीन ने कथित तौर पर पूर्वोत्तर भारत में काचिन आदिवासियों की घुसपैठ में मदद की है। उनमें से ज्यादातर ड्रग्स और अन्य कंट्राबेंड लेकर भारत में दाखिल हुए हैं। भारतीय सेना के सूत्रों का कहना है कि "दक्षिणी म्यांमार में, चीन भारत में गड़बड़ी पैदा करने के लिए पीडीएफ को वित्तपोषित करता है।" चुराचांदपुर में घटनास्थल से चीनी हथियार बरामद किए गए थे।
एक प्रमुख अमेरिकी दैनिक की रिपोर्ट के अनुसार चीन म्यांमार को अस्थिर रखना चाहता है और इसे भारत विरोधी गतिविधि के केंद्र में बदलना चाहता है, जैसा कि उसने पाकिस्तान में किया था। म्यांमार में सैन्य तख्तापलट में चीन का स्पष्ट हाथ रहा है। इस रिपोर्ट में कहा गया है, "लोकतांत्रिक सरकार के पतन के बाद चीन म्यामांर में जो कर रहा है, उसे देखने के बाद यह काफी संभव है।"
पड़ोसी म्यांमार में 2021 के सैन्य तख्तापलट के बाद शरणार्थियों की आमद, विशेष रूप से सागैंग क्षेत्र से, जिनके कुकी लोगों के साथ मजबूत संबंध हैं; ने मैतेई स्वदेशी समुदाय के लिए असुरक्षा की भावना भी पैदा की है। हालांकि संघर्ष में वास्तविक निर्णय लेना उन लोगों के पास है जो बंदूक, ड्रग्स और राजनीति को नियंत्रित करते हैं, लेकिन दोनों समुदायों में सबसे ज्यादा प्रभावित महिलाएं और बच्चे हैं। वर्तमान संघर्ष में कुछ लोगों के एजेंडे के अनुरूप विभिन्न जातीय समुदायों की पहचान को हथियार बनाया गया है।
मणिपुर में 3 मई से मुख्य रूप से दो स्थानीय जातीय समुदायों, मैतेई और कुकी के बीच बार-बार अंतर-जातीय संघर्ष हुए हैं। राज्य में तीसरे प्रमुख समुदाय, नागा, इस बार तटस्थ रहे। हिंसा में 80 से अधिक मौतें हुई हैं और कम से कम 1,700 इमारतों (घरों और धार्मिक स्थलों) को जला दिया गया है। 35,000 से अधिक लोग वर्तमान में विस्थापित भी हैं, जिनमें से कई अब राज्य के 315 राहत शिविरों में से किसी एक में रह रहे हैं। जैसे-जैसे लड़ाई जारी है, ये संख्या बढ़ भी सकती हैं। राज्य सरकार की प्रतिक्रिया काफी हद तक पारंपरिक रही है जैसे कर्फ्यू का आदेश देना, इंटरनेट सेवाओं को निलंबित करना और लगभग 17,000 सैनिकों और अर्धसैनिक बलों को "चरम मामलों" के लिए शूट-ऐट-साइट आदेशों के साथ तैनात करना।
जैसा की ज्ञात है कि हिंसा हाई कोर्ट के फैसले के बाद भड़की थी जिसमें राज्य सरकार को मैतेई समुदाय को एसटी के रूप में शामिल करने के लिए अधिसूचना जारी करने का आदेश दिया गया था। यह स्थिति मैतेई को अनुसूचित जनजाति (जो नागा और कुकी को पहले से ही प्राप्त कर रहे हैं) के लाभों को उन तक पहुंचने की अनुमति देगी। इसमें सरकार में आरक्षित सीटें और, सबसे महत्वपूर्ण, राज्य में कहीं भी जमीन खरीदना और वहां बसना शामिल है। अब तक राज्य की सबसे बड़ी आबादी वाले मैतेई आदिवासी क्षेत्रों में भूमि नहीं खरीद सकते हैं जो लगभग 90% भूमि क्षेत्र हैं। 3 मई को न्यायालय की घोषणा के तुरंत बाद हिंसा शुरू हो गई और कुकी ने सरकारी और मैतेई की निजी संपत्तियों को जलाना, दंगा करना और तोड़-फोड़ करना शुरू कर दिया।
सेना की एक आंतरिक रिपोर्ट से पता चला है कि 46 असम राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विप्लव त्रिपाठी (मूल रूप से भारतीय सेना की कुमाऊ रेजिमेंट से) की हत्या मिजोरम में नशीली दवाओं के खतरे पर नकेल कसने के उनके प्रयासों के कारण की गई थी, जब वह 2019-20 में मिजोरम में तैनात थे। आइजोल में उनकी बटालियन ने एक महीने में 80 करोड़ की चीनी ड्रग्स इंटरसेप्ट की थी। चुराचांदपुर में तैनात होने पर उन्होंने स्थानीय लोगों से कहा कि वे नशे के धंधे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे। उसकी उन्हें भारी कीमत चुकानी पड़ी क्योंकि रैकेट का हिस्सा रहे ग्रामीणों ने पीएलए पोषित स्लीपर सेल को घात लगाकर हमला करने और उनकी हत्या करने की हर आवश्यक सूचना दी।
म्यांमार में सत्ता परिवर्तन के बाद चीन के लिए यह बहुत आसान हो गया है कि वह भारत में हथियारों, गोला-बारूद और प्रशिक्षित विद्रोहियों को धकेल सके। मोरेह सीमा के पास रहने वाले भारतीय, चीनी सांठगांठ को समझने की अज्ञानता के कारण, अभी भी यह मानने से इनकार करते हैं कि चीन खतरा पैदा करता है। जबकि स्थानीय निवासियों के बेहिचक समर्थन ने म्यांमार के लोगों को मणिपुर/मिजोरम में आकर व्यापार करने के लिए उत्साहित किया है। म्यांमार की सेना से उत्पीड़न से आश्रय पाने के बहाने और भारत और म्यांमार के बीच "फ्री मूवमेंट रेजीम" (FMR) का लाभ उठाने के बहाने ड्रग पैडलर और चीन द्वारा प्रशिक्षित विद्रोही म्यांमार के रास्ते भारत में प्रवेश कर रहे हैं। असल में भारत म्यामांर सीमा के पास रहने वाली जनजातियां स्वतंत्र रूप से सीमा पार कर सकती हैं और बिना वीजा के दोनों ओर 16 किमी की यात्रा कर सकती हैं। इसी कानूनी प्रावधान का लाभ घुसपैठिये उठा रहे हैं।
मणिपुर में उत्पन्न हुई इस समस्या का समाधान कई मोर्चों पर कार्य करने से ही संभव होगा। बातचीत के माध्यम से मैतेई और कुकी दोनों की चिंताओं को दूर करना पहला कदम होगा। इसी के साथ चीन से कूटनीतिक, सैन्य और प्रशासनिक रूप से निपटने की आवश्यकता है। मणिपुर में सत्ता परिवर्तन भी वर्तमान हिंसा को शांत कर सकता है, क्योंकि एन वीरेन सिंह को "हाई हैंडेड" व्यक्ति के रूप में माना जाता है। यहां तक कि अफ्सपा (Armed Forces Special Power Act) हटाने के बाद, राज्य सरकार सेना से जिस तरह व्यवहार करती रही है, उससे सेना भी एन बीरेन सिंह सरकार से खुश नहीं है।
(इस लेख में लेखक ने अपने निजी विचार व्यक्त किए हैं। लेख में प्रस्तुत किसी भी विचार एवं जानकारी के प्रति Oneindia उत्तरदायी नहीं है।)












Click it and Unblock the Notifications