KKBKKJ: न किसी का भाई, न किसी की जान, पर्दे के पीछे का रीयल सलमान खान
पर्दे के पीछे बॉलीवुड इंडस्ट्री में सलमान खान को एक ऐसी शख्यियत के रूप में जाना जाता है जो किसी का कैरियर बना सकता है तो बर्बाद भी कर सकता है।

KKBKKJ: सलमान खान की मूवी 'किसी का भाई किसी की जान' की रिलीज से एक दिन पहले गुरुवार को विवादों में रहने वाले फिल्म क्रिटिक केआरके ने एक ट्वीट किया। उसमें उसने लिखा कि, "मेरी जानकारी के मुताबिक कल #KKBKKJ का प्रोड्यूसर 20 करोड़ रूपये का टिकट खुद खरीदेगा, अपनी इज्जत बचाने के लिए। लेकिन सच्चाई तो यही है कि डूबे हुए सितारे को कोई नहीं बचा सकता। पब्लिक सड़क पर लाकर रहेगी। औकात दिखाकर रहेगी।"
फिल्म क्रिटिक केआरके की ये चुनौती सिर्फ सलमान की फिल्म के लिए नहीं है। उस सलमान खान के लिए भी है जिसे बॉलीवुड का भाईजान कहा जाता है। सलमान फैन्स ने सलमान का फिल्मी दुनिया में इतना खौफ देखा है कि विवेक ओबेरॉय तक को रैम्प पर सरेआम सलमान के सामने झुक कर माफी मांगनी पड़ गई थी।
अरिजीत सिंह का केस भी लोग भूले नहीं हैं कि कैसे उन्होंने फेसबुक पोस्ट लिखकर बताया था कि मैं कितनी बार आपको टेक्स्ट करके माफी मांग चुका हूं, नीता अंबानी के शो में भी मैंने आपसे माफी मांगी थी। मैं और मेरा परिवार आपका कब से फैन है। ये तक लिखा कि 'जग घुमया तेरे जैसा ना कोई'। लेकिन सलमान खान का यही वो रूप दिखता है, जिसमें ना वो किसी के भाई रहते हैं और ना किसी की जान, बस बॉलीवुड के डॉन नजर आते हैं, जिसने उनसे पंगा लिया, उसका कैरियर बर्बाद।
बावजूद इसके सिंगर सोना महापात्रा के बाद अगर कोई उनसे सीधे पंगा ले रहा है, तो वो हैं केआरके। हालांकि केआरके ने और भी तमाम फिल्मी हस्तियों के साथ ऐसे ट्वीट्स में बदसलूकी की है, सो केआरके का इस मामले में कोई साथ नहीं देता। हालांकि साथ तो किसी ने विवेक ओबेरॉय, सोना महापात्रा या अरिजीत सिंह का भी नहीं दिया था। बल्कि सलमान के प्रभाव के चलते कई लोगों के कैरियर जरूर खराब हो गए, जिनमें शायद अरिजीत सिंह ही हैं, जो जमे हुए हैं। हिमेश रेशमिया, विवेक ओबेरॉय, सोना महापात्रा आदि को फिल्मी दुनियां के लोग सलमान से रिश्ते खराब होने के डर से काम नहीं देते।
सलमान खान का व्यवहार भी किसी से नाराजगी के वक्त इतना अजीब होता है कि उनको भाई मानने वाले फैंन्स भी सलमान का बचाव नहीं कर सकते। जब सलमान को छोड़कर भंसाली ने हृतिक रोशन और ऐश्वर्या के साथ 'गुजारिश' कर ली तो सलमान का व्यंग्यात्मक कमेंट एक कार्यक्रम में आया, ''अरे उसे तो एक कुत्ता भी देखने नहीं गया''। ये सलमान तो क्या किसी भी फिल्मी हस्ती से ऐसा बोलने की उम्मीद आप नहीं कर सकते। जिन लोगों को विवेक ओबेरॉय की वो प्रेस कॉन्फ्रेंस याद होगी, उसका एक वाक्य आज तक कोई नहीं भूले होंगे कि "सलमान ने शराब पीकर रात को मुझे 40 बार फोन किया और भद्दी भद्दी गालियां और धमकियां दीं"।
सलमान ने एआर रहमान को भी नहीं छोड़ा था। सलमान की मूवी 'दिल ने जिसे अपना कहा' से एआर रहमान खुश नहीं थे और मूवी बीच में ही छोड़ दी। हिमेश रेशमिया ने बाकी का म्यूजिक दिया। इससे सलमान नाराज थे। एक दिन एक ईवेंट में रहमान के सामने ही पहले उनको 'एवरेज म्यूजिक कम्पोजर' बताया, बाद में उनसे भी पूछ लिया, रहमान ने चुपचाप हां कर दी। एक ऑस्कर विजेता का ये अपमान था, लेकिन रहमान ने उसी इवेंट में बाद में जवाब भी दे दिया। जब उनसे सवाल पूछा गया कि आगे सलमान के साथ काम कब करेंगे, तो रहमान का जवाब था, ''सलमान को उस तरह की मूवीज करनी पड़ेंगी, जिस तरह की मुझे पसंद हैं"।
सलमान ने जो अनुराग कश्यप और उनके भाई अभिनव कश्यप के साथ किया, उसमें रीयल वाली सड़क छाप दबंगई थी। अनुराग की गलती बस इतनी थी कि सलमान को सुझाव दिया कि 'राधे' के लिए अपनी छाती पर थोड़े बाल उगा लो। सलमान खामोशी से सुनकर चले गए। अगले दिन प्रोडयूसर ने अनुराग को बुलाकर कांच की एक बोतल उनको दे मारी और कहा कि "साले तू सलमान को बोलेगा छाती पर बाल उगाने को"। उसके बाद 'राधे' सतीश कौशिक के हाथ में चली गई थी। बाद में अनुराग कश्यप ने भी सलमान को कई बार ट्विटर पर निशाने पर लिया, लेकिन उतनी बाजारू भाषा के साथ नहीं।
अभिनव कश्यप ने दो खान भाइयों को 'दबंग' जैसी सुपरहिट फिल्म दी थी। परंतु सोहेल और अरबाज ने उनके साथ सेट पर जमकर बदतमीजी की तो अभिनव ने 'दबंग 2' करने से साफ इनकार कर दिया और उसके बाद अभिनव कश्यप का कैरियर बर्बाद ही हो गया। सालों खामोश रहे लेकिन सुशांत की मौत के बाद अभिनव ने अपनी कहानी फेसबुक पर लिखी थी। पूरे खान खानदान को अपनी बर्बादी का जिम्मेदार बताया कि कैसे उन्होंने वायकॉम और अष्टविनायक प्रोडक्शंस के दोनों प्रोजेक्ट बर्बाद कर दिए। इतना ही नहीं उन्होंने तो आरोप लगाया कि कैसे उनके परिवार की महिलाओं को रेप की धमकी तक दी गईं।
बिग बॉस में भी कई टीवी सितारों के साथ सलमान खान का जो सुलूक जनता ने देखा, वो कई बार पसंद नहीं आया। जुबैर खान और आकाशदीप सहगल ने तो सलमान को जवाब भी दिए और जाहिर है वो उन्हें पसंद नहीं आए। बिग बॉस, दस का दम और कपिल शर्मा शो की कामयाबी की वजह से सलमान ने टीवी शोज में भी वही धाक जमा ली है, जो फिल्मों में होती है। लेकिन पहले टीवी मीडिया और अब सोशल मीडिया के चलते सलमान की ये दबंगई अक्सर छपकर बाहर आने लगी है।
ये सही है कि सलमान खान बहुतों के भाई हैं, किसी को भी किसी भी फिल्म से लांच कर देते हैं। जैसे 'किसी का भाई किसी की जान' में श्वेता तिवारी की बेटी पलक तिवारी लांच हो रही हैं। उनका एनजीओ 'बीइंग ह्यूमन' हजारों बच्चों की मदद कर चुका है, उनके ऑपरेशन करवा चुका है, लेकिन ये भी तो सही है कि उनका बीइंग ह्यूमन ब्रांड तमाम तरह के प्रोडक्ट्स बेचकर कमाई भी तो करता है। ये भी तो सच है कि उनकी वजह से कइयों की इस इंडस्ट्री से विदाई भी हो चुकी है। तब भी अगर उन्हें इस बात पर गर्व होता है तो किसी विलेन में और उनमें क्या फर्क रह गया?
उनका मूडी होना पहले ही उन्हें हिट एंड रन केस, ब्लैक बक केस, कैटरीना के जन्मदिन पार्टी का विवाद जैसे तमाम मामलों में बदनामी दिला चुका है। तब भी उन पर कोई फर्क नहीं पड़ा है। सच तो यह है कि सलमान की मूवीज को ईद ही बचा रही है। वांटेड (2009), दबंग (2010), बॉडीगार्ड (2011), एक था टाइगर (2012), किक (2014), बजरंगी भाईजान (2015), सुल्तान (2016), ट्यूबलाइट (2017), रेस 2 (2018), भारत (2019) और अब किसी का भाई किसी की जान (2023)। हालांकि 'राधे यॉर मोस्ट वांटेड भाई' भी 2021 में ईद के दिन रिलीज होनी थी लेकिन कोविड के चलते ये हो नहीं पाया था।
Recommended Video

अब देखना यह है कि किसी का भाई किसी की जान से सलमान खान को ईद का तोहफा मिलता है या फिर केआरके का ट्वीट सही साबित होता है।
(इस लेख में लेखक ने अपने निजी विचार व्यक्त किए हैं। लेख में प्रस्तुत किसी भी विचार एवं जानकारी के प्रति Oneindia उत्तरदायी नहीं है।)












Click it and Unblock the Notifications