मुर्शिदाबाद हिंसा के बीच आखिर क्यों ट्रोल हो रहे हैं यूसुफ पठान? उनकी एक तस्वीर देख क्यों भड़क उठे लोग
Yusuf Pathan: पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ (संशोधन) कानून को लेकर भड़की हिंसा के बीच सोशल मीडिया पर आज रविवार (13 अप्रैल) को तृणमूल कांग्रेस के सांसद और पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान ट्रोल होने लगे। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं से लेकर आम जनता भी उनकी आलोचना कर रही है। इस पूरे विवाद की वजह यूसुफ पठान की बस एक तस्वीर है...जिसपर बवाल हो गया है।
असल में बहरामपुर सीट से तृणमूल कांग्रेस के सांसद यूसुफ पठान 11 अप्रैल को अपने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वो चाय की चुस्की लेते नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर को पोस्ट कर उन्होंने कैप्शन लिखा, ''आरामदेह दोपहर, बढ़िया चाय और शांत माहौल, बस पल का लुत्फ उठा रहा हूं।'' इसी तस्वीर वाली पोस्ट की वजह से यूसुफ पठान ट्रोलिंग का शिकार हो रहे हैं। भाजपा नेता समेत सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि 'मुर्शिदाबाद हिंसा में जल रहा और टीएमसी के सांसद यूसुफ पठान चाय की चुस्की ले रहे हैं'

भाजपा नेता बोले- बंगाल जल रहा है और यूसुफ पठान ''चाय की चुस्की'' ले रहे
भाजपा ने रविवार को यूसुफ पठान पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वे मुर्शिदाबाद में हो रहे हिंसक विरोध प्रदर्शन के दौरान अराजकता और विनाश के बीच आराम से ''चाय की चुस्की'' ले रहे थे।
भाजपा नेता और प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक एक्स पोस्ट में कहा, ''बंगाल जल रहा है, हाई कोर्ट ने कहा है कि वह आंखें बंद करके नहीं रह सकता और उसने केंद्रीय बलों को तैनात कर दिया है। ममता बनर्जी राज्य द्वारा संरक्षित हिंसा को बढ़ावा दे रही हैं, जबकि पुलिस चुप है! इस बीच यूसुफ पठान, सांसद चाय की चुस्की लेते हैं और हिंदुओं के कत्लेआम के पल का आनंद लेते हैं...यह है TMC।''
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला कहते हैं,
"ममता बनर्जी ने कहीं से यूसुफ पठान नाम के एक क्रिकेटर को उठाकर टिकट दे दिया और वोट बैंक ने उसे बहरामपुर में जिताया और आज जब बंगाल जल रहा है, हिंदुओं को चुन-चुनकर मारा जा रहा है, यूसुफ पठान चाय की चुस्की का आनंद ले रहे हैं...यही टीएमसी की प्राथमिकता है कि पठान साहब चाय पिएंगे और आनंद लेंगे जबकि बंगाल जल रहा है और दास परिवार मारा जा रहा है।"
मुर्शिदाबाद हिंसा पर भाजपा प्रवक्ता सीआर केसवन ने कहा,
"ममता बनर्जी की तुष्टीकरण की क्रूर सांप्रदायिक राजनीति पश्चिम बंगाल को जलियांवाला बाग में बदल रही है... जबकि मुर्शिदाबाद में लोगों का नरसंहार और हत्या की जा रही है, टीएमसी सांसद यूसुफ पठान चाय की चुस्की ले रहे हैं और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं। यह टीएमसी की असहिष्णु मानसिकता को दर्शाता है। ममता बनर्जी का वक्फ बिल का निराधार विरोध डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर के सिद्धांतों के साथ विश्वासघात है। हम हिंदू समुदाय को भागते हुए, निशाना बनते हुए, परेशान होते हुए और शिकार बनते हुए देखते हैं। ममता बनर्जी मूकदर्शक बनी हुई हैं। कलकत्ता हाई कोर्ट ने हस्तक्षेप किया और शांति के लिए केंद्रीय बलों को तैनात किया। यह हमें आरजीकर अस्पताल मामले की याद दिलाता है...ममता बनर्जी के कुशासन की सजा आने वाले चुनावों में मिलेगी।''
सोशल मीडिया पर भी यूसुफ पठान की हुई आलोचना, जानें क्या कह रही पब्लिक?
यूसुफ पठान सोशल मीडिया पर टॉप ट्रेंड कर रहे हैं। एक्स पर उनको लेकर 10 हजार से ज्यादा पोस्ट खबर लिखे जाने तक किए गए हैं। यूजर @RShivshankar ने लिखा, ''टीएमसी मोदी और शाह को "गुजराती बोहिरगाटो (बाहरी)" कहती है। लेकिन यहां यूसुफ पठान हैं, जिन्हें टीएमसी ने वोट के लिए गले लगाया और खुशी-खुशी चाय की चुस्की ले रहे हैं, जबकि भाजपा के मुर्शिदाबाद में, जहां उनका निर्वाचन क्षेत्र है, हिंसक वक्फ विरोधी प्रदर्शन के बाद हिंदुओं का पलायन हो रहा है।''
एक अन्य यूजर @HPhobiaWatch ने एक्स पोस्ट पर लिखा, ''यूसुफ पठान बहरामपुर के सांसद हैं। दंगे उनके निर्वाचन क्षेत्र से मात्र 10 किलोमीटर दूर हो रहे हैं, जहां कल हरगोबिंद दास और उनके बेटे चंदन दास की इस्लामवादियों ने बेरहमी से हत्या कर दी थी, लेकिन उनके अनुसार आसपास का माहौल शांत है।''
यूजर @shreya_arora22 ने लिखा, ''मुर्शिदाबाद, सांसद यूसुफ पठान के निर्वाचन क्षेत्र बेहरामपुर से मात्र 10 किलोमीटर दूर एक क्षेत्र है, जो जल रहा है, लेकिन वह शांत वातावरण में गुच्ची चप्पल पहनकर अपनी चाय का आनंद ले रहे हैं।''
एक्स यूजर @DebarotiBhatta1 ने लिखा, ''मुर्शिदाबाद में जहां एक तरफ हिंदुओं को कई तरह से मारा जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ बंगाल के धरतीपुत्र और सांसद यूसुफ पठान आपके लिए हैं।''
हालांकि तृणमूल कांग्रेस के सांसद यूसुफ पठान ने अभी तक इस ट्रोलिंग पर प्रतिक्रिया नहीं दी है।मुर्शिदाबाद में स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई है। सेंट्रल फोर्स तैनात किए गए हैं। इस हिंसा में अब तक तीन लोगों की मौत हुई है।












Click it and Unblock the Notifications