पश्चिम बंगाल: सीएम ममता बनर्जी ने विधायकों की सैलरी में 40 हजार रुपये प्रति महीने की बढ़ोतरी की
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को बड़ी घोषणा की है। उन्होंने आज विधानसभा में विधायकों के वेतन में 40 हजार रुपये प्रति माह की बढ़ोतरी की घोषणा की है।
साथ ही उन्होंने एक और घोषणा की है। उन्होंने कहा कि मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा ने एक प्रस्ताव पारित किया है और 'बांग्ला दिवस' पर सर्वसम्मति से सहमति व्यक्त की है।

अब से पोइला बोइशाख, बंगाली नव वर्ष का शुभ दिन, हमारा स्थापना दिवस होगा, जो हमारी समृद्ध विरासत और जीवंत संस्कृति का प्रतीक है। इसके साथ ही, कोबीगुरु रवीन्द्रनाथ टैगोर द्वारा लिखित 'बांग्लार माटी, बांग्लार जल' हमारा नया राज्य गान बन जाएगा। यह हम सभी के लिए बहुत गर्व का दिन है। आइए हमारी प्रगति और एकजुटता का जश्न मनाएं!
विधानसभा में घोषणा करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि मुख्यमंत्री के वेतन में कोई संशोधन नहीं किया गया है, क्योंकि वह लंबे अरसे से किसी प्रकार का वेतन प्राप्त नहीं कर रही हैं। सीएम ममता बनर्जी ने वेतन वृद्धि की घोषणा कैबिनेट मंत्रियों, राज्य मंत्रियों और विधायकों के लिए की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा के विधायकों का वेतन दूसरे राज्यों के मुकाबले काफी कम है। इसलिए यह फैसला लिया गया है। विधायकों की सैलरी में 40 हजार रुपये की वृद्धि की गई है। बताया जा रहा है कि विधायकों को अब 50 हजार प्रति माह मिलेंगे।
वहीं, दूसरी तरफ ममता बनर्जी ने केंद्र के खिलाफ हुंकार भरी है। ममता बनर्जी 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के दिन रामलीला मैदान में केंद्र के खिलाफ प्रदर्शन करेंगी। इससे पहले भी तृणमूल कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन की इजाजत मांगी थी, लेकिन दिल्ली पुलिस ने आवेदन खारिज कर दिया था। दरअसल, दिल्ली में रैली करने का विचार ममता के भतीजे और टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी का है।
यह भी पढ़ें- नेताजी के पोते चंद्र बोस के बीजेपी छोड़ने से बंगाल की राजनीति पर होगा क्या असर ?












Click it and Unblock the Notifications