पश्चिम बंगाल में दलित लड़की से गैंगरेप और हत्या: BJP ने ममता सरकार पर साधा निशाना, पुलिस पर लगाए आरोप
West Bengal News: पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में एक दलित लड़की का गैंगरेप और हत्या हुआ है। इसको लेकर बीजेपी ने टीएमसी सरकार पर सवाल उठाए हैं।

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के कालियागंज में एक दलित लड़की के साथ कथित गैंगरेप और हत्या को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी सरकार पर निशाना साधा है। राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने भाजपा विधायकों को पीड़ित परिवार से मिलने नहीं दिया। उन्होंने पुलिस पर सबूतों को कमजोर करने का भी आरोप लगाया।
शुभेंदु अधिकारी ने ट्वीट कर कहा, ''पश्चिम बंगाल के भाजपा के विधायकों को पीड़ित परिवार से मिलने नहीं दिया गया। उन्हें अनजाने में एक पुलिस स्टेशन ले जाया गया और वहां जबरदस्ती बिठाया गया है। अगर बंगाला पुलिस ऐसा नहीं करती तो मामले को कैसे दबाती और सबूतों को कमजोर कैसे करती। वे पीड़िता के शरीर को इतने अशोभनीय तरीके से घसीट रहे हैं।''
बता दें कि पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में एक दलित लड़की के साथ कथित रूप से गैंगरेप किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। गुरुवार को स्थानीय लोगों को नाबालिग का शव मिला था। शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने न्याय की मांग को लेकर धरना दिया था।
दिनाजपुर के एसपी सना अख्तर ने एएनआई को बताया कि पीड़िता का शव कालियागंज में मिला था, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सना अख्तर ने कहा, "हमें जानकारी मिली कि एक लड़की गुरुवार रात से लापता थी। हमने सभी रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों पर तलाशी शुरू कर दी। बाद में कालियागंज में एक शव मिला। मृतक के परिवार द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।"
पुलिस ने इस घटना को लेकर प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों के खिलाफ आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज भी किया।
इस मामले पर एसपी सना अख्तर ने कहा, ''पुलिस को पीड़ितों के शव को जल्द से जल्द पोस्टमार्टम सुनिश्चित करने के लिए प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा ताकि हम सबूत ना खोए। हमने मामले की ठीक से जांच करने के लिए एक मेडिकल बोर्ड का भी गठन किया है। घटना की जांच ठीक से होगी।"












Click it and Unblock the Notifications