फेसबुक लाइव में CM ममता बनर्जी को गाली देने वाला व्लॉगर गोवा से अरेस्ट
कोलकाता, 07 जून: सिंगर केके की मौत को लेकर फेसबुक लाइव के दौरान बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे, टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी को अपशब्द कहने के आरोप में व्लॉगर रोड्दुर रॉय को मंगलवार को गोवा से गिरफ्तार किया गया। फेसबुक लाइव सेशन के दौरान रोड्दुर रॉय ने नज़रूल मंच में केके के अंतिम संगीत कार्यक्रम में कुप्रबंधन के लिए सत्तारूढ़ टीएमसी को दोषी ठहराया था।

टीएमसी के प्रवक्ता ने उनके खिलाफ कोलकाता के चितपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। कोलकाता के एक पुलिस अधिकारी ने पीटीआई के हवाले से कहा, "व्लॉगर रोड्दुर रॉय को आज दोपहर गोवा में हमारे अधिकारियों ने गिरफ्तार किया। उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लाया जाएगा। हमारे अधिकारी उन्हें रिमांड के लिए वहां की एक स्थानीय अदालत में पेश करेंगे।"रॉय के फेसबुक लाइव वीडियो को सोशल नेटवर्किंग साइट से हटा दिया गया है।
रोड्दुर रॉय ने सीएम ममता बनर्जी और अभिषेक के अलावा फिरहाद हकीम और मदन मित्रा जैसे अन्य टीएमसी नेताओं के साथ-साथ गायक केके के संगीत कार्यक्रम में कथित कुप्रबंधन के लिए सत्तारूढ़ पार्टी को दोषी ठहराया था। 31 मई को कोलकाता में एक कॉन्सर्ट के दौरान सिंगर केके के सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। अस्पताल पहुंचने से पहले केके का निधन हो गया था।
इस घटना पर टिप्पणी करते हुए, भाजपा नेता अनुपम हाजरा ने जानना चाहा कि पुलिस ने व्लॉगर के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की? जब उन्होंने रवींद्रनाथ टैगोर जैसे दिग्गजों के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था । अब जब मुख्यमंत्री और अभिषेक बनर्जी के साथ दुर्व्यवहार किया गया, तो पुलिस हरकत में आई। ऐसा क्यों होना चाहिए? अप्रैल 2012 में, कोलकाता पुलिस ने जादवपुर विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान के प्रोफेसर अंबिकेश महापात्रा को मुख्यमंत्री के एक कार्टून वाले ईमेल को कथित रूप से अग्रेषित करने के आरोप में गिरफ्तार किया था।












Click it and Unblock the Notifications