TMC में अंदरूनी कलह? कौन हैं काकोली घोष जो कल्याण बनर्जी के इस्तीफे के बाद बनीं चीफ व्हिप
TMC News Kalyan Banerjee Resignation: टीएमसी (तृणमूल कांग्रेस) के भीतर एक बार फिर संगठनात्मक बदलाव ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में चीफ व्हिप रहे कल्याण बनर्जी के अचानक इस्तीफे के बाद पार्टी ने डॉ. काकोली घोष दस्तिदार को लोकसभा में नया चीफ व्हिप नियुक्त किया है।
यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब पार्टी के भीतर असंतोष और आपसी टकराव की खबरें सामने आ रही हैं-खासतौर पर कल्याण बनर्जी और महुआ मोइत्रा के बीच चल रहे विवाद को लेकर। डॉ. काकोली घोष (Kakoli Ghosh) की नियुक्ति को टीएमसी नेतृत्व द्वारा संगठन में महिला नेतृत्व को मजबूती देने और संसदीय समन्वय को बेहतर करने की दिशा में एक रणनीतिक प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।

वहीं, शताब्दी रॉय को डिप्टी लीडर बनाकर ममता बनर्जी ने यह संकेत भी दिया है कि आगामी सत्रों में पार्टी संसद में और आक्रामक रुख अपनाने की तैयारी में है।
कल्याण बनर्जी का इस्तीफा
वरिष्ठ टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने लोकसभा में चीफ व्हिप के पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस फैसले ने पार्टी के अंदर जारी असंतोष को सतह पर ला दिया है। बनर्जी ने खुद एक न्यूज चैनल से बातचीत में कहा, "मैंने लोकसभा में टीएमसी के चीफ व्हिप पद से इस्तीफा दे दिया है क्योंकि दीदी (ममता बनर्जी) ने सांसदों की बैठक के दौरान कहा कि पार्टी सांसदों के बीच समन्वय की कमी है। जाहिर है, इसकी जिम्मेदारी मुझ पर आ गई है, इसलिए मैंने पद छोड़ने का फैसला किया।"
महुआ मोइत्रा ने क्या कहा था?
कल्याण बनर्जी का यह इस्तीफा महुआ मोइत्रा से चल रहे विवाद के बीच आया है। एक रिपोर्ट के अनुसार, बनर्जी इस बात से आहत थे कि महुआ मोइत्रा द्वारा उनके खिलाफ की गई 'अपमानजनक टिप्पणी' पर पार्टी नेतृत्व ने चुप्पी साधे रखी।
उन्होंने कहा,"दीदी कहती हैं कि सांसद आपस में झगड़ते हैं... क्या मैं उन लोगों को बर्दाश्त करूं जो मुझे गालियां देते हैं? मैंने पार्टी नेतृत्व को जानकारी दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उल्टा मुझ पर ही दोष मढ़ा गया। अब दीदी अपनी पार्टी अपनी तरह से चलाएं... मैं इतना आहत हूं कि राजनीति ही छोड़ने का मन बना रहा हूं।"
इससे पहले एक पॉडकास्ट में महुआ मोइत्रा ने कल्याण बनर्जी पर तीखा हमला करते हुए उन्हें "सुअर" (pig) कहकर संबोधित किया था। यह बयान तब आया था जब बनर्जी ने महुआ को "महिला विरोधी" कह दिया था।
Kakoli Ghosh Dastidar: कौन हैं काकोली घोष
ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (TMC) की वरिष्ठ नेता और पश्चिम बंगाल के बारासात से सांसद डॉ. काकोली घोष दस्तिदार को पार्टी ने लोकसभा में अपना नया चीफ व्हिप नियुक्त किया है। यह फैसला वरिष्ठ सांसद कल्याण बनर्जी के इस्तीफे के बाद लिया गया। पार्टी की ओर से यह घोषणा आधिकारिक तौर पर की गई है और नियुक्ति को तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
डॉ. काकोली घोष दस्तिदार TMC की उन शुरुआती नेताओं में शामिल रही हैं जिन्होंने ममता बनर्जी के नेतृत्व में पार्टी को पश्चिम बंगाल की सियासत में मजबूत किया। वे वर्ष 2009 से लगातार लोकसभा सांसद हैं और वर्तमान में अपने तीसरे कार्यकाल में हैं।
एक प्रशिक्षित डॉक्टर होने के नाते वे चिकित्सा जगत से भी जुड़ी रही हैं और खासतौर पर महिला स्वास्थ्य और सशक्तिकरण के मुद्दों पर संसद में मुखर रही हैं। काकोली घोष दस्तिदार संसद में कई बार महिलाओं के अधिकार, सामाजिक न्याय और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर खुलकर बोल चुकी हैं। उनके योगदान और अनुभव को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
पार्टी में दरार के संकेत?
टीएमसी सांसदों के बीच इस तरह के तीखे आरोप-प्रत्यारोप और शीर्ष नेतृत्व की ओर से स्पष्ट रुख न आने के चलते यह स्पष्ट हो रहा है कि पार्टी के अंदर असंतोष और आंतरिक मतभेद बढ़ रहे हैं। हालांकि, डॉ. काकोली घोष दस्तिदार और शताब्दी रॉय को अहम जिम्मेदारियां सौंपकर पार्टी ने शायद एक तरह से संतुलन बनाने की कोशिश की है। अब यह देखना होगा कि क्या नई नियुक्तियां पार्टी में फिर से समन्वय स्थापित कर पाएंगी या मतभेद और गहरे होंगे।












Click it and Unblock the Notifications