राष्ट्रपति चुनाव: वोटिंग से ठीक पहले बंगाल बीजेपी ने अपने विधायकों को 5 स्टार होटल में किया शिफ्ट
नई दिल्ली, 18 जुलाई: राष्ट्रपति चुनाव के लिए आज देशभर के सांसद और विधायक वोट डालेंगे। एनडीए के साथ विपक्षी दलों ने भी अपने विधायकों की गोलबंदी शुरू कर दी है, क्योंकि दोनों को क्रॉस वोटिंग का डर सता रहा है। चुनाव से ठीक पहले रविवार रात को पश्चिम बंगाल बीजेपी ने अपने सभी विधायकों को इकट्ठा किया। इसके बाद उन्हें फाइव स्टार होटल में शिफ्ट कर दिया। वहां से सुबह सभी एक साथ वोट डालने जाएंगे।

जानकारी के मुताबिक रविवार को बीजेपी के 69 विधायक इकट्ठा हुए, इसके बाद उन्हें कोलकाता के न्यू टाउन इलाके में एक 5-सितारा होटल में भेजा गया। वैसे तो इसे क्रॉस वोटिंग रोकने का तरीका बताया जा रहा है, लेकिन पार्टी ने आधिकारिक तौर पर कहा कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए सोमवार को वोटिंग होगी, इस वजह से मतदान कैसे करना है, इसको लेकर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। विधायकों को मतदान के लिए सुबह आठ बजे सीधे विधानसभा ले जाया जाएगा।
गोवा कांग्रेस ने विधायकों को किया शिफ्ट
वहीं इसी तरह की कार्रवाई गोवा कांग्रेस ने भी की है। पिछले कुछ दिनों से वहां पर कांग्रेस में बगावत की खबर आ रही है। जिसको देखते हुए पार्टी ने 11 में से अपने 5 विधायकों को चेन्नई के एक होटल में शिफ्ट कर दिया। उनको पार्टी नेता सोमवार को पणजी लेकर वापस आएंगे।
कुल कितने मतदाता?
सीईसी राजीव कुमार के मुताबिक इस चुनाव में कुल 4809 मतदाता हैं। सोमवार को वोटिंग के बाद 21 जुलाई को रिजल्ट घोषित किया जाएगा। सीईसी के मुताबिक इस चुनाव में कोई भी राजनीतिक दल अपने सदस्यों को व्हिप जारी नहीं कर सकता है।
मुर्मू और यशवंत सिन्हा के बीच टक्कर
आपको बता दें कि एनडीए ने आदिवासी नेता द्रौपदी मुर्मू पर भरोसा जताया है। इस वजह से नवीन पटनायक की बीजेडी, शिवसेना समेत कई दलों ने एनडीए का समर्थन किया। इसके अलावा विपक्ष ने अपने संयुक्त रूप में यशवंत सिन्हा को मैदान में उतारा है।












Click it and Unblock the Notifications