बंगाल में ममता बनर्जी की ताजपोशी आज, सौरभ गांगुली समेत कई बड़ी हस्तियों को न्योता
कोलकाता, मई 5: बंगाल विधानसभा चुनाव में इस बार भी टीएमसी ने परचम लहराया, जिस वजह से ममता बनर्जी आज तीसरी बार राज्य में सरकार बनाने जा रही हैं। कोरोना महामारी के चलते शपथ ग्रहण समारोह राजभवन के टाउन हॉल में सुबह 10.45 पर आयोजित किया जाएगा। जिसमें कुछ चुनिंदा हस्तियां ही शामिल होंगी। इसके बाद ममता बनर्जी सीधे सचिवालय जाकर कार्यभार संभालेंगी। वहीं बाकी मंत्रियों को गुरुवार और शुक्रवार को शपथ दिलाई जाएगी।
Recommended Video

जानकारी के मुताबिक ममता बनर्जी ने अपनी राजनीतिक सलाहकार प्रशांत किशोर, पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य, लेफ्ट के विमान बोस, सौरभ गांगुली, बीजेपी नेता दिलीप घोष को शपथ ग्रहण के लिए आमंत्रित किया है। हालांकि ये लोग कार्यक्रम में शामिल होंगे या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। वहीं ममता बनर्जी का मुख्यमंत्री पद पर ये लगातार तीसरा कार्यकाल है। उन्होंने 2011 में लेफ्ट का बंगाल से सफाया कर दिया था, जो पिछले 34 साल से सत्ता संभाले हुए थी।
टीएमसी के खाते में कितनी सीटें?
पश्चिम बंगाल में 292 सीटों पर हुए विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने 213 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि बीजेपी राज्य में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। बीजेपी को इस चुनाव में 77 सीटें मिली हैं। वहीं कांग्रेस-ISF को एक-एक सीटें ही मिलीं।
चुनाव हारीं तो कैसे बनेंगी सीएम?
ममता बनर्जी को बीजेपी उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में शिकस्त दे दी। ऐसे में वो अभी विधायक नहीं हैं। नियमों के मुताबिक मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के 6 महीने के अंदर उनको किसी ना किसी सीट से विधायकी का चुनाव जीतना होगा। वैसे मुख्यमंत्री विधान परिषद के सदस्य भी हो सकते हैं, लेकिन बंगाल में विधान परिषद है ही नहीं। हालांकि बंगाल की दो सीटों पर अभी चुनाव बाकी हैं, ऐसे में ममता बनर्जी वहां से लड़कर विधानसभा पहुंच सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications