यूपी से गंगा नदी में बहाए शव बंगाल पहुंचे, ममता सरकार करवा रही अंतिम संस्कार
कोलकाता, जून 21: कोरोना महामारी की दूसरी लहर के बाद उत्तर प्रदेश और बिहार से सामने आया था कि लोग शवों को नदी में बहा दे रहे थे, जब यह मामला गरमाया तो राजनीति शुरू हो गई। यहां तक खबर यह भी सामने आई थी कि यूपी में नदी के किनारे शवों को दफनाए जा रहे थे। हालांकि बाद में नदी में कोई शव ना बहाए इसके लिए निगरानी रखी गई और ऐसे मामले थमने लगे। अब इस पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि यूपी की नदियों में बहाए गए शव बंगाल पहुंच रहे हैं।

सोमवार (21 जून ) को बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने बताया कि कोरोना से संक्रमित होने की आशंका वाले शव नदी में बहते हुए यूपी से पश्चिम बंगाल पहुंच रहे हैं। ऐसे कई शव देखे गए हैं। नदी का पानी प्रदूषित हो रहा है। हम शवों को नदी से बाहर निकाल रहे हैं और अंतिम संस्कार कर रहे हैं।
गंगा नदी में बहते हुए दर्जनों शव मिलने के बाद से ही ममता सरकार की चिंता बढ़ी हुई थी। दरअसल, यूपी से बिहार होते हुए झारखंड और फिर वहां से गंगा नदी बंगाल के मालदा जिले के मानिकचक घाट से प्रवेश करती है। इसके अलावा और भी जिले है जहां से गंगा नदी बहती है। ऐसे में सरकार ने लगातार निगरानी बनाई हुई थी कि कहीं शव गंगा की लहरों के साथ बहते हुए बंगाल में ना आ जाए। वहीं ऐसा होने पर तुंरत उनको निकालकर अंतिम संस्कार करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं अब सीएम ममता बनर्जी के बयान के बाद साफ हो रहा है कि शव बंगाल तक पहुंचे हैं।












Click it and Unblock the Notifications