Cattle Smuggling Case: अनुब्रत मंडल के खिलाफ CBI ने दायर की चार्जशीट
Cattle Smuggling Case: ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता अनुब्रत मंडल (Anubrata Mandal) को करीब दो महीने पहले सीबीआई ने पशु तस्करी मामले में गिरफ्तार किया था। उनके ऊपर पशुओं की तस्करी का आरोप है। अब इस केस में सीबीआई ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसी ने मंडल को घोटाले का सूत्रधार बताया। साथ ही ये भी दावा किया कि इस मामले में उनको काफी लाभ हुआ। इस मामले में पहले भी कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

दरअसल मंडल को 11 अगस्त को सीबीआई ने गिरफ्तार किया था और तब से वो जेल में ही हैं। अब 57 दिन बाद सीबीआई ने उनके खिलाफ चार्जशीट दायर की है, जिसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की कई धाराओं के तहत आरोप लगाए गए। ये चार्जशीट करीब 40 पन्नों की है और उसमें बैंक संबंधित दस्तावेज और परिवार के सदस्यों की संपत्ति से जुड़े कागजों को शामिल किया गया है।
मंडल के गार्ड से पूछताछ
हाल ही में ईडी ने मंडल के सुरक्षा गार्ड सहगल हुसैन को गिरफ्तार किया था, बाद में कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। आरोप है कि पश्चिम बंगाल पुलिस में कांस्टेबल सहगल मंडल की सुरक्षा में तैनात था और उसके तार इस घोटाले से जुड़े हैं। जिस वजह से ईडी ने उसे गिरफ्तार किया।
क्या है पूरा मामला?
बीरभूम जिला बांग्लादेश की सीमा से लगा हुआ है। वहां से बड़ी संख्या में मवेशियों की तस्करी की जाती थी। इस मामले में 21 सितंबर 2020 को सीबीआई ने एफआईआर दर्ज की थी। इस मामले में सहगल हुसैन, बीएसएफ के पूर्व कमांडेंट सतीश कुमार, इमानुल हक, तृणमूल के पूर्व नेता बिन्या मिश्रा और अब्दुल लतीफ शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications