Varanasi में मुठभेड़ में मारे गए बिहार के दो शातिर बदमाश, दारोगा को गोली मार कर लूटे थे पिस्टल
Varanasi जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र में सोमवार की अलसुबह मुठभेड़ में बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले दो बदमाश ढेर हो गए, दोनों बदमाशों द्वारा पिछले दिनों रोहनिया में दराेगा को गोली मारकर पिस्टल लूट लिए थे।
Varanasi जिले के थाना क्षेत्र के भेलखा गांव में सोमवार की अलसुबह पुलिस टीम और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में दो बदमाश ढेर हो गए और तीसरा बदमाश फरार हो गया। वहीं बदमाशों की गोली से एक आरक्षी भी घायल हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस कमिश्नर वाराणसी ए. सतीश गणेश भी घटनास्थल पर पहुंचे। इसके अलावा फोरेंसिक टीम भी पहुंचकर जांच पड़ताल की। मौके से दो पिस्टल और खोखा व एक अपाचे गाड़ी बरामद की गई है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि दोनों बदमाश बिहार के रहने वाले हैं और दोनों सगे भाई बताए जा रहे हैं। बदमाशों को मारने वाले पुलिस टीम को पुलिस कमिश्नर द्वारा सम्मानित भी किया गया।

मुखबिर की सूचना पर की गई घेराबंदी
पुलिस कमिश्नर द्वारा बताया गया कि मुखबिर की सूचना पर बड़ागांव पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने बड़ागांव थाना क्षेत्र के रिंग रोड पर घेराबंदी की थी। पुलिस की घेराबंदी को तोड़कर बदमाश भागने लगे और पुलिस टीम पर फायर कर दिए। बदमाशों की एक गोली शिव बाबू नामक आरक्षी को लगी। उसके बाद पुलिस द्वारा भी जवाबी फायर किया गया। भेलखां गांव में पहुंचने पर बदमाश रिंग रोड से नीचे उतर कर गांव की तरफ बाइक से भागने लगे। रिंग रोड से सटा रास्ता कच्चा था और वहीं बदमाशों की बाइक फिसलकर गिर गई। उसके बाद पुलिस टीम पर फायर करते हुए बदमाश पैदल ही भागने लगे।

दोनों तरफ से चलती रही गोलियां
पैदल भाग रहे दोनों बदमाश एक खेत में चले गए, खेत में कुछ दिन पूर्व ही पानी भरा गया था। ऐसे में बदमाशों का पैर उसमें फंसने लगा। इसी बीच पुलिस की गोली लगने के बाद दोनों बदमाश घायल हो गए। उनके पास पहुंची पुलिस टीम उन्हें पकड़ने के साथ ही तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों बदमाशों को पंडित दीनदयाल राजकीय चिकित्सालय में पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों द्वारा उनके मौत की पुष्टि कर दी गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस कमिश्नर वाराणसी ए.सतीश गणेश तथा वाराणसी कमिश्नरेट के कई थानों की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। वाहनों का आवागमन भी पूरी तरह रोक दिया गया और जांच किए जाने तक मीडिया समेत किसी भी बाहरी व्यक्ति को वहां पर जाने नहीं दिया गया।

मारे गए दोनों बदमाश सगे भाई बताए जा रहे
मारे गए दोनों बदमाश बिहार के समस्तीपुर जनपद के मोहद्दीनगर के निवासी बताए जा रहे हैं। यह भी बताया जा रहा है कि दोनों सगे भाई हैं और तीसरा फरार आरोपी भी इनका सगा भाई है। बिहार पुलिस द्वारा वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस को दी गई सूचना के अनुसार मृतक का नाम रजनीश उर्फ बरुआ सिंह पुत्र शिव शंकर सिंह तथा दूसरा रजनीश का सगा भाई है जिसका नाम मनीष बताया जा रहा है। वहीं फरार बदमाश का नाम लल्लन सिंह बताया जा रहा है। यह भी बताया जा रहा है कि दोनों काफी शातिर बदमाश हैं और पहले भी कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिये थे।

ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत में आए ग्रामीण
घटनास्थल रिंग रोड से सटा हुआ है वहां पर सुबह में ग्रामीण टहलने के लिए निकलते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह-सुबह गोली चलने की आवाज सुनने के बाद भ्रमण करने के लिए निकले लोग भी दहशत में आ गए और अपने घर की तरफ भाग निकले। सुनसान इलाका होने के चलते गोली की आवाज भेलखा के अलावा वाजिदपुर, प्रतापपट्टी, इदिलपुर गांव तक सुनाई दी। कई राउंड गोली चलने के बाद ग्रामीण भी दहशत में आ गए। गोलियों की तड़तड़ाहट शांत हो जाने के बाद ग्रामीण घटनास्थल के तरफ निकले ताे पुलिस ने उन्हें रोक दिया।

पुलिस टीम का किया गया सम्मान
दोनों मृतकों की डेड बॉडी पंडित दीनदयाल राजकीय चिकित्सालय के मोर्चरी में रखवाया गया है। वही घायल दरोगा अजय यादव को भी अस्पताल में बुलाया गया और दोनों बदमाशों की पहचान करवाई गई। बदमाशों के पास से बरामद एक पिस्टल दरोगा अजय से ही लूटी गई थी। बदमाशों की पहचान करने के साथ ही एनकाउंटर करने वाली टीम का पुलिस कमिश्नर ए. सतीश गणेश द्वारा सम्मान भी किया गया। इस दौरान बड़ागां थाना प्रभारी अश्वनी चतुर्वेदी को पुलिसकर्मियों ने कंधे पर उठा लिया।












Click it and Unblock the Notifications