Varanasi weather: दिनभर मौसम रहेगा सुहावना, हल्की बूंदाबांदी के भी आसार, अगले दो-तीन दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
Varanasi weather: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में कई दिनों की गर्मी के बाद अब मौसम काफी सुहावना हो गया है। मंगलवार को आसमान में बादल छाये रहने से लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली है वहीं तापमान में भी गिरावट आई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो-तीन दिनों तक मौसम इसी तरह बना रहेगा।
मालूम हो कि पिछले दिनों बारिश हुई थी, जिसके बाद चिलचिलाती धूप और उमस से लोग काफी परेशान थे। रविवार और सोमवार को काफी उमस थी और लोगों का दिन भर पसीना टपकता रहा। कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश भी हुई, लेकिन इससे लोगों को कोई राहत नहीं मिली। हालांकि सोमवार की शाम आसमान में बादल तो दिखे, लेकिन बारिश नहीं हुई।

हालांकि मंगलवार की भोर में वाराणसी के ग्रामीण क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई जिससे मौसम सुहावना हो गया। इसके अलावा वाराणसी समेत आसपास के जनपदों में मंगलवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए हैं। आईएमडी की वेबसाइट के अनुसार वाराणसी में आगामी 2 से 3 दिनों तक इसी तरह बादलों की आवाजाही दिखाई देगी।
कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी के भी आसार हैं। मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, मंगलवार को वाराणसी का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। यह भी अनुमान है कि तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।
इस संबंध में बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने मीडिया को बताया कि वाराणसी में मंगलवार को पूरे दिन मौसम इसी तरह बना रहेगा। वाराणसी समेत आसपास के इलाकों में बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि अगले दो-तीन दिनों तक मौसम इसी तरह रहने की संभावना है। इसके अलावा कई इलाकों में छिटपुट बारिश हो सकती है, हालांकि गुरुवार को कुछ इलाकों में अच्छी बारिश की भी संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications