आखिर कब हुआ वाराणसी का जन्म, तारीख खोज रहे हैं अधिकारी
वाराणसी का जन्मदिन पता करने के लिए बनाई गई पांच सदस्यीय कमेटी, मनाया जाएगा वाराणसी का जन्मदिन
वाराणसी, 27 जुलाई : सरकार द्वारा सृजन दिवस के तहत शहरों का जन्मदिन मनाने का आदेश पूर्व में ही जारी किया गया था। अब इसी क्रम में प्राचीनतम नगरी काशी के उत्पत्ति की तिथि तलाश की जा रही है। इसके लिए नगर आयुक्त प्रणय सिंह ने पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। कमेटी द्वारा यह पता लगाया जाएगा कि वाराणसी की उत्पत्ति कब हुई थी। कमेटी द्वारा जांच पड़ताल करने के बाद जो भी तिथि निश्चित की जाएगी उसी तिथि पर वाराणसी शहर का जन्मदिन मनाया जाएगा। कमेटी की अध्यक्षता अपर नगर आयुक्त प्रथम दुष्यंत कुमार मौर्य कर रहे हैं।

कमेटी में इन अधिकारियों को किया गया है शामिल
नगर आयुक्त प्रणय सिंह द्वारा गठित की गई कमेटी में अपर नगर आयुक्त दुष्यंत कुमार के अलावा मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके मिश्र, जनसंपर्क अधिकारी संदीप कुमार श्रीवास्तव, सहायक नगर आयुक्त अमित शुक्ला, स्मार्ट सिटी के सीजीएम डॉक्टर डी वासुदेवन को शामिल किया गया है। इस कमेटी द्वारा वाराणसी के ऐतिहासिक महत्व तथा वाराणसी से जुड़ी हुई प्रमाणिक तिथियों की जानकारी एकत्र की जाएगी। कमेटी द्वारा वाराणसी से जुड़े ऐतिहासिक घटनाओं को बिंदुवार तैयार किया जाएगा और वाराणसी शहर के जन्म दिवस के बारे में भी जानकारी भी एकत्र की जाएगी।
नगर निगम द्वारा 163 तिथियों को किया गया है संकलित
वाराणसी के ऐतिहासिक घटनाओं व अन्य जानकारियों के लिए पूर्व में नगर निगम द्वारा गठित की गई कमेटी की तरफ से 163 तिथियों को संकलित किया जा चुका है। इसमें विश्व की प्राचीनतम नगरी काशी में ईसा पूर्व से लेकर मध्ययुगीन काल और आधुनिक व ब्रिटिश काल में घटित हुई घटनाओं को संकलित किया गया है। वहीं गजेटियर में दर्ज आंकड़ों की बात करें तो वाराणसी नाम की घोषणा 24 मई 1995 को हुई थी। इस लिहाज से वाराणसी का जन्मदिन 24 मई को माना जाता है। हलांकि पौराणिक मान्यता के अनुसार माेक्ष नगरी काशी का न आदि है न अंत है।
ये भी पढ़ें- UP: योगी मंत्रिमंडल की Governor के साथ 'चाय पर चर्चा', नई परंपरा या असंतोष दबाने की कवायद ?












Click it and Unblock the Notifications