Varanasi: दरोगा को गोली मारकर पिस्टल, कारतूस पर्स और मोबाइल लूटने वाले बदमाश दूसरे दिन भी पुलिस की पकड़ से बाहर
Varanasi जिले के रोहनियां थानांतर्गत जगतपुर इलाके में दरोगा को गोली मारने के बाद पिस्टल और पर्स लूट कर बदमाश हुए फरार, घायल दरोगा का अस्पताल में चल रहा उपचार
Varanasi के रोहनिया थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव में मंगलवार रात में दरोगा को गोली मारकर सरकारी पिस्टल, कारतूस, पर्स और मोबाइल लूटने वाले बदमाश दूसरे दिन भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गई हैं और सर्विलांस टीम भी लगाई गई है। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस टीमें जांच पड़ताल और बदमाशों की धरपकड़ के लिए लगाई गई है जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनके खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी। वहीं बुधवार को दोपहर में घटनास्थल पर पहुंचकर फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम द्वारा जांच पड़ताल किया गया।

वर्दी पहने दरोगा को देखते ही मार दिए गोली
जानकारी अनुसार मूल रूप से प्रतापगढ़ जिले के भीखमपुर गांव निवासी दरोगा अजय यादव वाराणसी कमिश्नरेट के लक्सा थाने पर तैनात हैं। दरोगा अजय मंगलवार को सायंकाल रोहनियां थाना क्षेत्र के जगतपुर में स्थित अपने निजी प्लाट पर जा रहे थे। वे जगतपुर नहर के समीप पहुंचे थे। उसी समय एक बाइक पर सवार तीन बदमाश उन्हें ओवरटेक करके रोक लिए। रोकने के बाद बदमाश उनको असलहा सटा कर पर्स निकालने लगे। दरोगा द्वारा विरोध करने पर बदमाशों उनपर फायर कर दिया और पर्स व पिस्टल लूट लिए।

अस्पताल में ऑपरेशन कर निकाली गई गोली
गोली मारने के बाद बाइक सवार बदमाश असलहा लहराते हुए वहां से भाग निकले। वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दिया। सूचना मिलने के बाद रोहनिया थाने की पुलिस तत्काल मोके पर पहुंची। उसके बाद घायल दरोगा को रोहनिया क्षेत्र में स्थित एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया। अस्पताल में दरोगा अजय यादव के सीने में दायीं तरफ लगी गोली को ऑपरेशन करके बाहर निकाला गया। गोली निकाल लिए जाने के बाद घायल दरोगा की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

दूसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली
दरोगा को गोली मारे जाने की सूचना मिलने के बाद वाराणसी जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जाने लगा। वहीं घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों द्वारा जायजा लिया गया और अस्पताल में घायल दरोगा से भी अधिकारियों ने पूछताछ किया। पिस्टल लूटने या लूट की घटना को अंजाम देने के लिए दरोगा को गोली मारी गई या फिर कोई अन्य कारण है। अभी इसके बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है। बुधवार को डॉग स्क्वायड तथा फॉरेंसिक टीम घटनास्थल और बुलेट एजेंसी के पास पहुंची। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड द्वारा जांच पड़ताल किया गया। इसके अलावा बुलेट एजेंसी से आने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए।

क्राइम ब्रांच सहित पुलिस की पांच टीमें लगाई गई
घटना की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश ने बताया कि थाना लक्सा पर तैनात एसआई रोहनियां थाने के जगतपुर में स्थित अपने प्लाट पर जा रहे थे। उसी समय तीन अज्ञात लोगों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि घायल दरोगा की स्थिति खतरे से बाहर है। जो भी लोग इस घटना को अंजाम दिए हैं उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पांच टीमें लगाई गई हैं। प्रयास है कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए।












Click it and Unblock the Notifications