IIT-BHU case: छात्रा की जुबानी सुनिए क्या हुआ उस रात... कैसे बुलेट पर आए 3 दरिंदे और तमंचे दिखाकर...
IIT-BHU में बुधवार रात एक छात्रा के साथ बेहद ही घिनौनी वारदात को अंजाम दिया गया है। देर रात अपने दोस्त के साथ जा रही छात्रा को बुलेट मोटरसाइकिल पर आए 3 बदमाशों ने गनपॉइंट पर लेकर करीब 15 मिनट तक उसके साथ अश्लील हरकतें की। जिसके बाद से हजारों छात्र धरने पर बैठ गए हैं।
सबसे पहले पीड़ित छात्रा की जुबानी सुनिए कि आखिर उस रात क्या हुआ था? छात्रा के अनुसार, "मैं बुधवार रात 1:30 बजे अपने हॉस्टल से किसी जरूरी काम के लिए बाहर निकली। कैंपस के गांधी स्मृति चौराहे के पास मुझे मेरा दोस्त मिला। हम दोनों साथ में जा रहे थे कि रास्ते में कर्मन बाबा मंदिर से करीब 300 मीटर दूर पीछे से एक बुलेट आई। उस पर 3 लड़के सवार थे। उन लोगों ने बाइक खड़ी करके मुझे और मेरे दोस्त को रोक लिया।
इसके बाद गन पॉइंट पर हमें अलग कर दिया। मेरा मुंह दबाकर मुझे एक कोने में ले गए। वहां पहले मुझे किस किया, उसके बाद गन पॉइंट पर मेरे कपड़े उतरवाए। मेरा वीडियो बनाया और फोटो खींची। मैं जब बचाव के लिए चिल्लाई तो मुझे मारने की धमकी दी। करीब 10-15 मिनट तक मुझे अपने कब्जे में रखा और फिर छोड़ दिया।
मैं अपने हॉस्टल की ओर भागी तो पीछे से बाइक की आवाज आने लगी। डर के मारे एक प्रोफेसर के आवास में घुस गई। वहां पर 20 मिनट तक रुकी और प्रोफेसर को आवाज दी। प्रोफेसर ने मुझे गेट तक छोड़ा। उसके बाद पार्लियामेंट सिक्योरिटी कमेटी के राहुल राठौर मुझे IIT-BHU पेट्रोलिंग गार्ड के पास लेकर पहुंचे। जहां से मैं अपने हॉस्टल तक सुरक्षित आ पाई। तीनों आरोपियों में से एक मोटा, दूसरा पतला और तीसरा मीडियम हाइट का था।"

सड़क पर हजारों छात्र, पूरा कैंपस बंद
इसके बाद गुरुवार को हजारों स्टूडेंट्स सड़क पर उतर आए। करीब 2500 छात्रों ने राजपूताना हॉस्टल के सामने प्रोटेस्ट किया। इसके बाद विरोध की हवा पूरे कैंपस में फैल गई। देखते ही देखते भारी संख्या में छात्र विरोध में शामिल हो गए। स्टूडेंट्स ने विरोध करते हुए पूरा कैंपस बंद करा दिया। क्लास और लैब में रिसर्च का काम भी बंद कर दिया गया। पूरे कैंपस में इंटरनेट सर्विस बंद कर दी गई है।

घटना से आक्रोशित छात्रों का कहना है कि जबतक अपराधियों की गिरफ़्तारी या एनकाउंटर नहीं हो जाता, तब तक प्रदर्शन चालू रहेगा और वो धरने पर बैठे रहेंगे। IIT-BHU में ह्यूमैनिटिज के शोध छात्र दीपक राठौर ने कहा कि "1 नवंबर की रात में अब तक का सबसे बड़ा हीनियस क्राइम हुआ है। लड़की का अश्लील वीडियो भी बना लिया गया है। रात में छात्रा के साथ हद से ज्यादा गलत काम किया गया।"

वहीं स्टूडेंट्स अब डायरेक्टर को बुलाने की मांग पर अड़े हैं। उनका कहना है कि "IIT-BHU प्रशासन, प्रॉक्टोरियल बोर्ड और डायरेक्टर की ओर से अभी कोई जवाब नहीं दिया जा रहा है।" छात्रों ने डायरेक्टर का मिसिंग पोस्टर जारी किया। स्टूडेंट्स ने डायरेक्टर के फोटो को लेकर प्रदर्शन किया। वहीं भेलूपुर एसीपी ने पूरे काशी जोन से फोर्स बुलाने का आदेश दे दिया है।

पुलिस का क्या है कहना
उधर, DCP काशी जोन आरएस गौतम ने बताया," IIT-BHU में छात्रा से छेड़खानी मामले में टीम गठित करने के साथ आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पूरे मामले में लंका थाने में FIR दर्ज की गई है। छात्रों की मांगों को लेकर ज्ञापन मिला है। इस मामले में IIT प्रशासन से संपर्क में हैं।"













Click it and Unblock the Notifications